नोएडा: उत्तराखंड में उधमसिंह नगर के जिलाधिकारी अक्षत गुप्ता का यहां निधन हो गया। उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, 2006 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी गुप्ता की उम्र केवल 38 साल थी। वह यहां अपने माता-पिता के पास आए थे।
अक्षत गुप्ता 2006 बैच के आईएएस अफसर थे। वह अपनी आईपीएस पत्नी के साथ छुट्टी लेकर शनिवार को ही पैरेंट्स के पास यहां आए थे। रविवार को नोएडा के एक मॉल में खाना खाने के दौरान हार्ट फेल होने से उनकी मौत हो गई। खाना खाते समय उल्टियां होने पर उनकी आईपीएस पत्नी रिद्म सिंह उन्हें कैलाश अस्पताल ले गई जहां जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। अक्षत के दो बेटे है और उनका परिवार नोएडा सेक्टर-27 में रहता है।
अधिकारियों के मुताबिक, गुप्ता को हृदय रोग से संबंधित बीमारी पहले से नहीं थी। दिवंगत जिलाधिकारी के परिवार के एक सदस्य ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार यहां सोमवार को किया जाएगा।