जयपुर: जयपुर हवाई अड्डे पर शनिवार को एक बड़ा विमान हादसा टल गया। इंडिगो का एक विमान लैंड करते समय हवाई अड्डे पर एक अस्थायी पुल से टकरा गया। विमान में 178 यात्री सवार थे। यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं। विमान का एक विंग मामूली रूप से क्षतिग्रस्त हो गया।
सांगानेर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के कार्यवाहक निदेशक एम पी बंसल ने बताया कि दिल्ली से हवाईअड्डे पर पहुंचा इंडिगो विमान जब पार्क हो रहा था, उस दौरान उसका एक विंग एयरोब्रिज से टकरा गया। विमान में सवार 174 यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं। विमान को कछ समय बाद पुन: दिल्ली के लिए उड़ान भरनी थी लेकिन इस दुर्घटना के कारण आगे की उड़ान नहीं भर सका।
इंडिगो ने एक बयान जारी कर कहा, "इंडिगो का दिल्ली से जयपुर आ रहा विमान 6ई-962 जयपुर हवाई अड्डे पर पार्किंग की ओर जाते हुए एक अस्थायी पुल से टकरा गया। हवाई अड्डे पर मौजूद हमारी टीम ने तुरंत बचाव उपाय किए।" इंडिगो ने संबद्ध नियामक को हादसे की जानकारी दे दी है।