नई दिल्ली: दिल्ली में स्पेशल टीम के छापे में 12 संदिग्ध आतंकी पकड़े गए हैं। इनका संबंध जैश ए मोहम्मद से बताया जा रहा है। स्पेशल सेल को आतंकियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिली थी। इसके बाद पुलिस ने दिल्ली और आसपास के राज्यों में छापा मारकर 12 संदिग्ध आतंकियों को धर दबोचा। इनके पास से विस्फोटक डिवाइस बरामद की गई है।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को करीब महीने भर पहले खुफिया इनपुट मिला था कि दिल्ली, एनसीआर और पड़ोसी राज्यों में जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े कुछ संदिग्ध आतंकी घुस चुके हैं। इन्हें स्लीपर सेल की ओर से मदद की बात सामने आई है। इसके बाद दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने कई जगहों पर छापेमारी कर कुल 12 संदिग्धों को हिरासत में ले लिया।
बताया जा रहा है कि दिल्ली के गोकुलपुरी से 8 और देबबंद से 4 संदिग्ध पकड़े गए हैं। हिरासत में लिए संदिग्धों में से एक साजिद नाम के लड़के को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दिल्ली के चांद बाग इलाके से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक इनकी दिल्ली में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की साज़िश थी। पकड़े गए संदिग्धों से फिलहाल पूछताछ जारी है।