श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के पुंछ में आज सुबह 6.30 बजे दोबारा फायरिंग शुरू हो गई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि पुंछ के मिनी सचिवालय की निर्माणाधीन इमारत से एक बार फिर गोलीबारी शुरू हो गई। रविवार को भी इसी स्थान पर गोलीबारी हुई थी। अधिकारी ने बताया, "इमारत और इसके आसपास के क्षेत्रों को चारों ओर से घेर लिया गया है और सुरक्षाबलों एवं आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ जारी है। कुछ आतंकवादी इमारत के भीतर छिपे हो सकते हैं।"
रविवार को हुई गोलीबारी में कुल चार लोगों की मौत हो गई थी जिसमें तीन आतंकवादी और एक पुलिसकर्मी था जबकि पांच अन्य घायल हो गए थे।
यहां एक आतंकी के छिपे होने की आशंका है। पुंछ में अल्लाहपीर इलाके में रविवार को सेना और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक सब इंस्पेक्टर और एक नागरिक घायल हुए। पुंछ के अलावा नौगाम सेक्टर में भी मुठभेड़ हुई, जिसमें घुसपैठ की कोशशि कर रहे 7 आतंकियों को सेना ने मार गिराया। उनके पास से हथियार भी बरामद किए गए।
एक आतंकी का शव निकाला जा चुका हैं, जबकि दो शव अभी भी सचिवालय की बिल्डिंग में हैं। ड्रोन ने इन दो शवों की तस्वीरें ली हैं। दोनों बिल्डिंग (मिनी सचिवालय और अल्लाहपीर) में अभी भी एक-एक आतंकी के छिपे होने की आशंका हैं।
रविवार को एक साथ कई जगहों पर हुए आतंकवादी हमले में सुरक्षा बलों ने रविवार को 7 आतंकवादियों को मार गिराया था। जम्मू के पुंछ जिले में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच दिन भर चले मुठभेड़ में तीन आतंकवादी मार गिराए गए थे, जबकि कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में घुसपैठ की कोशिश कर रहे 4 आतंकवादियों को भारतीय सुरक्षा बलों ने मार गिराया था।