1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. दिल्ली के अपोलो अस्पताल में किडनी रैकेट का भंडाफोड़, 6 लोग गिरफ्तार

दिल्ली के अपोलो अस्पताल में किडनी रैकेट का भंडाफोड़, 6 लोग गिरफ्तार

 Written By: India TV News Desk
 Published : Jun 03, 2016 03:33 pm IST,  Updated : Jun 03, 2016 04:32 pm IST

पुलिस ने दो महिलाओं सहित छह लोगों को गिरफ्तार करने के साथ ही दिल्ली में संचालित किये जा रहे एक किडनी व्यापार रैकेट का भंडाफोड़ करने का दावा किया है।

apollo- India TV Hindi
apollo

नयी दिल्ली: पुलिस ने दो महिलाओं सहित छह लोगों को गिरफ्तार करने के साथ ही दिल्ली में संचालित किये जा रहे एक किडनी व्यापार रैकेट का भंडाफोड़ करने का दावा किया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि कल रात दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के एक प्रमुख निजी अस्पताल से इन्हें गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में गिरोह की मौजूदगी के बारे में पुलिस को खुफिया सूचना मिली थी।

साउथ ईस्ट दिल्ली के सरिता विहार स्थित अपोलो हॉस्पिटल में किडनी रेकेट के मामले में खुलासा होने के बाद दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में अब तक असीम, आशु और देवाशीष नामकर आरोपियों को गिरफ्तार किया है जबकि तीन और लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है।

इन तीन लोगों के अलावा पुलिस दिल्ली के जाने माने अपोलो हॉस्पिटल के 2 कर्मचारियों से भी इस मामले में पूछताछ कर रही है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में देवाशीष और असीम कलकत्ता का रहने वाले हैं जबकि आशु कानपुर का निवासी है।

पकड़े गए लोगों में से एक आसिम को इस रैकेट का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 120 बी (आपराधिक साजिश रचना) और 420 (फर्जीवाड़ा करना) के तहत केस दर्ज किया है।

इसके अलावा पुलिस ने गैर कानूनी तरीके से जिन्दा इंसान के शरीर से अंग निकालने के आरोप में धारा 18,19,20 के तरह मामला दर्ज किया है। दिल्ली पुलिस अब भी अपोलो अस्पताल में जांच कर रही है। वहीं गिरफ्तार किए गए लोगों से पुलिस सरिता विहार थाने में पूछताछ कर रही है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत