अयोध्या के रौनाही टोल प्लाजा पर बड़ी कार्रवाई करते हुए जीएसटी विभाग ने शुक्रवार को करीब दो क्विंटल चांदी बरामद की है। भारी मात्रा में चांदी मिलने से हड़कंप मच गया। बरामद चांदी की कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है। टीम ने वाहन को कब्जे में लेकर चांदी से जुड़े दस्तावेजों और परिवहन की वैधता की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती पूछताछ में चांदी के स्रोत और गंतव्य की जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आयकर और अन्य संबंधित एजेंसियों को भी सूचना दी गई है। फिलहाल जांच जारी है और अधिकारियों ने पूरे मामले की गहन पड़ताल शुरू कर दी है।
इस बीच राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में भी बड़ा खुलासा हुआ है। चम्पत राय का करीबी राम शंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव रियल स्टेट का काम करता था। वह राम मंदिर से चोरी किया गया पैसा रियल स्टेट में लगाता था। आरोपी ने अपनी पत्नी पूनम के नाम सौंदर्य कंस्ट्रक्शन के नाम से निर्माण कंपनी बनाई थी। यह कंपनी 2023 से ही पीडब्ल्यूडी विभाग में पंजीकृत है।
टिन्नू यादव 39 घंटे पुलिस रिमांड में रहेगा
राम मंदिर चढ़ावा घोटाला मामले में पुलिस को राम शंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव और मनीष यादव की 39 घंटे की पुलिस कस्टडी मिली है। रिमांड शनिवार सुबह 7 बजे शुरू हो सकती है। टिन्नू को सबसे पहले पुलिस लाइन ले जाया जाएगा। पुलिस लाइन में मेडिकल चेकअप होगा। मेडिकल चेकअप के बाद एसओजी कार्यालय में पूछताछ होगी। पुलिस टीनू यादव के नेटवर्क को खंगालेगी। रियल एस्टेट व कंस्ट्रक्शन कंपनी से जुड़े दस्तावेजों को हासिल करने का प्रयास करेगी। टिंन्नू यादव के भतीजे मनीष यादव भी संदेह के घेरे में है। पुलिस मनीष यादव के घर भी जाएगी। पुलिस ने 7 दिन की रिमांड मांगी थी, लेकिन कोर्ट ने 39 घंटे की रिमांड दी है।
रमाशंकर मिश्र के किराए के घर से मिले अहम दस्तावेज
राम मंदिर कथित चढ़ावा चोरी मामले में आरोपी रमाशंकर मिश्र के किराए के घर से पुलिस को एक बैग में रखे महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी जब्त कर लिया गया है। इसके अलावा पुलिस ने एक अन्य आरोपी सुभाष श्रीवास्तव से जुड़ी जगहों पर तलाशी ली। अधिकारियों के मुताबिक पुलिस हिरासत के दौरान मिश्र को साथ ले जाया गया और उसकी निशानदेही पर किराए के घर की तलाशी ली गयी। इस दौरान पुलिस को मकान में रखे एक बैग से जमीन से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले। जांच एजेंसियां अब इन दस्तावेजों की जांच कर रही हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि इनका मामले से कोई संबंध है या नहीं।
चोरी के पैसे को निवेश करने की आशंका
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि क्या आरोपी ने कथित चढ़ावा चोरी से मिले धन का इस्तेमाल जायदाद खरीदने या अन्य निवेश के लिये किया था। इस बीच, पुलिस ने हिरासत में लिये गये दूसरे आरोपी सुभाष श्रीवास्तव के ठिकाने पर भी तलाशी ली और कई जरूरी दस्तावेजों और अन्य चीजों की जांच की। पुलिस ने कहा कि जांच जारी है तथा बरामद दस्तावेजों की पुष्टि की जाएगी और अगर जांच में किसी अवैध सम्पत्ति या संदिग्ध लेन-देन के सुबूत मिले तो उन्हें भी केस डायरी का हिस्सा बनाया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार बरामद दस्तावेजों की जांच के बाद ही मामले में और खुलासे होने की उम्मीद है।
अदालत ने दो आरोपियों को 14 घंटे की पुलिस कस्टडी दी
अयोध्या की विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार-रोधी) की अदालत ने मंगलवार को मामले में दो आरोपियों मिश्र और श्रीवास्तव को 14 घंटे की पुलिस हिरासत में भेजने की इजाजत दी थी। पुलिस इस मामले में अलग-अलग समय पर हिरासत के दौरान सह-आरोपियों अविनाश शुक्ला, अनुकल्प मिश्र, लवकुश मिश्र और करुणेश पांडे से पहले ही पूछताछ कर चुकी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार चार आरोपियों से पूछताछ के बाद कथित तौर पर गलत तरीके से अर्जित धन से खरीदी गई दो गाड़ियां, नकदी, सोना और निवेश से जुड़े दस्तावेज बरामद किये गये।
आरोपियों के पास चांदी का दानपात्र भी मिला
राम मंदिर में कथित चंदा चोरी का प्रकरण जून के पहले सप्ताह में सामने आया था, जिसके बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने आरोपों की जांच के लिए 13 जून को एक विशेष टीम (एसआईटी) बनाई थी। एसआईटी ने 23 जून को अपनी शुरुआती रिपोर्ट सरकार को सौंपी थी जिसके बाद आठ आरोपियों अविनाश शुक्ला, अनुकल्प मिश्र, लवकुश मिश्र, मनीष कुमार यादव, करुणेश पांडे, रमाशंकर मिश्र, सुभाष श्रीवास्तव और रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार पुलिस ने कई आरोपियों से नकदी बरामद की थी जिनमें सबसे ज्यादा 20.39 लाख रुपये अविनाश शुक्ला से बरामद हुए थे। इसके अलावा सोना, चांदी, विदेशी मुद्रा और "रामराज्य कोष" लिखा हुआ एक दान पात्र भी बरामद किया गया था।
(अयोध्या से अखंड सिंह की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
राम मंदिर में चोरी की सबसे बड़ी वजह क्या रही? SIT की रिपोर्ट में सामने आई बड़ी जानकारी