1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. दिल्ली में फिर दिनदहाड़े चलीं गोलियां, एक शख्स गंभीर रूप से घायल, हमलावर फरार

दिल्ली में फिर दिनदहाड़े चलीं गोलियां, एक शख्स गंभीर रूप से घायल, हमलावर फरार

 Reported By: Abhay Parashar
 Published : Sep 27, 2019 09:40 am IST,  Updated : Sep 27, 2019 09:49 am IST

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के उस्मानपुर इलाके में एक शख्स के ऊपर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई जिसके चलते वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

Man shot at in Usmanpur of North East Delhi, cops suspect personal enmity | Twitter- India TV Hindi
Man shot at in Usmanpur of North East Delhi, cops suspect personal enmity | Twitter

नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में दिनदहाड़े गोलीबारी की एक और खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उत्तर-पूर्वी दिल्ली के उस्मानपुर इलाके में एक शख्स के ऊपर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई जिसके चलते वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जाता है कि मोहम्मद हसन नाम के इस शख्स के ऊपर 2-3 गोलियां दागी गईं, लेकिन संयोग से उसे एक ही गोली लगी। वारदात को अंजाम देकर बदमाश मौके से फरार हो गए। यह पूरी वारदात घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना गुरुवार शाम 6 बजे के आसपास की है। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई। गोलीबारी में घायल मोहम्मद हसन को तुरंत जीटीबी हॉस्पिटल ले जाया गया। इसके बाद उसे पटपड़गंज के मैक्स हॉस्पिटल में शिफ्ट किया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, गोली हसन के कमर में लगी है। 


पुलिस को प्रारंभिक जांच में पता चला है कि हसन और आरोपी दोनों एक ही गांव के रहने वाले हैं और उनके बीच पुरानी रंजिश चल रही है। हसन और हमले के आरोपी उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में जहांगीराबाद तहसील के सकनी गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। इन दोनों ही के बीच गांव से ही दुश्मनी चली आ रही है। 

पुलिस को अंदेशा है कि गुरुवार की घटना भी दोनों की आपसी रंजिश का नतीजा है, हालांकि हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है। आपको बता दें कि बीते कुछ दिनों में दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में गोलीबारी की कई घटनाएं हुई हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत