नई दिल्ली: मथुरा कांड में शहीद हुए एसपी मुकुल द्विवेदी और एसओ संतोष यादव की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि SO संतोष यादव की मौत गोली लगने से हुई जबकि SP मुकुल द्विवेदी की मौत लाठी से पीट-पीटकर सिर में फ्रैक्चर होने से ब्रेन हैमरेज के चलते हुई है।
बता दें कि मथुरा में गुरुवार को सरकारी जमीन से अवैध कब्जा हटाने पहुंची पुलिस टीम पर भीड़ ने हमला बोल दिया था। इसमें एक एसपी और एक एसओ समेत 24 लोगों की मौत हो गई थी। ऑपरेशन होने के वक्त एसपी सिटी मुकुल द्विवेदी और उनकी टीम ने जवाहरबाग की दीवार गिरा दी थी। इसके बाद पेड़ पर चढ़े अवैध कब्जाधारकों ने जबरदस्त फायरिंग शुरू कर दी थी।
पढ़ें: मथुरा कांड के मास्टरमाइंड रामवृक्ष यादव की संपत्ति जान चौंक जाएंगे आप...
इसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए और एसओ संतोष यादव की आंख से होती हुई गोली सिर के पार हो गई। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। पुलिसकर्मी एसओ को उठाकर जैसे ही पीछे हटे, वहां बड़ी संख्या में हमलावर दौड़ते हुए आ गए। इसके बाद उन लोगों ने एसपी द्विवेदी को लाठी से पीटना शुरू कर दिया था।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में शहीद संतोष यादव की मौत की वजह हाई वेलोसिटी गोली लगने की वजह सामने आने के बाद सवाल उठने लगे हैं कि उपद्रवियों पर आधुनिक हथियार भी थे। सूत्र बताते हैं की इनके पास कारबाइन जैसी आधुनिक गन भी थी। सम्भवतः एसओ को गोली किसी आधुनिक हथियार से ही मारी गई थी।
यही नहीं आशंका जताई जा रही है कि उपद्रवियों ने पुलिस के खिलाफ एके 47 जैसे अत्याधुनिक हथियार का इस्तेमाल किया है। एसओ संतोष यादव की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में अत्याधुनिक असलहे से गोली लगने की पुष्टि हुई है।