बांदा: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा दिये जाने के बीच उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में बेटी पैदा होने के बाद उसकी मां उसे अस्पताल में ही छोड़कर चली गयी। अतर्रा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र :सीएचसी में कल नजमा :30: नामक महिला एक बच्ची को जन्म देने के बाद उसे छोड़ कर कहीं चली गयी।
अस्पताल में उसके बगल के बिस्तर पर लायी गयी प्रसूता कौशल्या के मुताबिक नजमा बता रही थी कि उसकी पहले से ही चार साल की एक बेटी है और उसके ससुराल के लोग दूसरी बेटी को स्वीकार नहीं करेंगे। सीएचसी में तैनात चिकित्साधिकारी वी. के. श्रीवास्तव ने आज भाषा को बताया कि कौशाम्बी जिले के मंझानपुर कस्बे की निवासी नजमा 30 को मंगलवार को अस्पताल में प्रसव के लिए भर्ती कराया था। गुरुवार को एक बच्ची को जन्म देने के बाद वह उसे छोड़कर अचानक कहीं चली गयी।
उन्होंने बताया कि बच्ची स्वस्थ्य है और प्रसूता का पता लगाया जा रहा है। वहीं, थानाध्यक्ष भगवती प्रसाद मिश्र ने बताया कि प्रसूता फर्जी नाम पते से अस्पताल में भर्ती हुई थी, अब तक उसका पता नहीं चल सका। चाइल्ड लाइन से संपर्क किया जा रहा है।