मुम्बई: मुंबई मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (एमएमआरसीएल) के आधा दर्जन से ज्यादा वरिष्ठ अधिकारी कंपनी के प्रबंध निदेशक से ज्यादा वेतन ले रहे हैं। ये अधिकारी प्रतिनियुक्ति पर एमएमआरसीएल में काम कर रहे हैं। यह खुलासा आरटीआई से हुआ है। केंद्र और महाराष्ट्र सरकारों के बीच 50: 50 संयुक्त उपक्रम में चल रहा एमएमआरसीएल मुंबई मेट्रो परियोजना को लागू करने वाली एजेंसी है।
आरटीआई कार्यकर्ता अनिल गलगली ने निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों के मार्च 2016 के वेतन की जानकारी मांगी थी। कंपनी के उप लेखापाल और जनसंपर्क अधिकारी गणेश घुले ने गलगली को 199 अधिकारियों और कर्मचारियों की सूची और उनके वेतन की जानकारी दी। ब्यौरा के मुताबिक छह वरिष्ठ अधिकारी परियोजना निदेशक सुबोध गुप्ता (2,08,706 रुपए), सिस्टम निदेशक अजय कुमार भट (2,03,346 रुपए), कार्यकारी निदेशक (इलेक्ट्रिकल) आर. के. शर्मा (1,92,945 रुपए), कार्यकारी निदेशक आर. रमन्ना (1,82,688 रुपए), सीएफओ इंद्रनील सरकार (1,51,936 रुपए) और जीएम (सिविल) चारूहास जाधव (1,51,936 रुपए) अपने बॉस अश्विनी भिंडे से ज्यादा वेतन ले रहे हैं। भिंडे आईएएस अधिकारी हैं और एमएमआरसीएल के प्रबंध निदेशक हैं जिन्हें एक लाख 43 हजार 51 रुपए वेतन मिलता है।