1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. जाकिर नाइक पर अगले सप्ताह अपनी रिपोर्ट देगी मुंबई पुलिस

जाकिर नाइक पर अगले सप्ताह अपनी रिपोर्ट देगी मुंबई पुलिस

 Written By: India TV News Desk
 Published : Jul 13, 2016 09:55 pm IST,  Updated : Jul 13, 2016 09:55 pm IST

विवादित इस्लामिक उपदेशक डॉ जाकिर नाइक के संबंध में मुंबई पुलिस अपनी रिपोर्ट अगले हफ्ते शुरू हो रहे महाराष्ट्र विधानसभा के मानसून सत्र के पहले राज्य सरकार को सौंप देगी।

zakir naik- India TV Hindi
zakir naik

मुंबई: विवादित इस्लामिक उपदेशक डॉ जाकिर नाइक के संबंध में मुंबई पुलिस अपनी रिपोर्ट अगले हफ्ते शुरू हो रहे महाराष्ट्र विधानसभा के मानसून सत्र के पहले राज्य सरकार को सौंप देगी। गृह विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने नाम उजागर नहीं करने के अनुरोध के साथ कहा कि मीडिया रिपोर्टों के विपरीत मुंबई पुलिस से जाकिर नाइक को कोई क्लीन चिट नहीं दी गयी है। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और राज्य विधानमंडल का मानसून सत्र शुरू होने के पहले सरकार को रिपोर्ट सौंप दी जाएगी। मानसून सत्र 18 जुलाई से शुरू हो रहा है।

नाइक अभी विदेश में हैं और वह कल स्काइप के जरिए मीडिया से बात करेंगे। इसके लिए दक्षिण मुंबई के एक छोटे हाल में व्यवस्था की गयी है। आयोजकों ने आरोप लगाया है कि शहर के होटलों को मीडिया से बातचीत के लिए जगह नहीं मुहैया कराने का पुलिस से निर्देश मिला है। आयोजकों ने एक विज्ञप्ति में यह आरोप लगाया लेकिन बाद में पीछे हट गए। नाइक के एक सहयोगी ने शुरू में एक बयान में कहा, जो हो रहा है, वह अनुचित है। जाहिरा तौर पर, मुंबई में होटलों को डा जाकिर नाइक के संवाददाता सम्मेलन के लिए स्थान नहीं देने को कहा गया है। कम से कम चार होटलों ने उपलब्धता की पुष्टि के बाद, तो कुछ ने बुकिंग के बाद, रद्द कर दिया। हमने मीडिया को आमंत्रण भी भेज दिया था।

उन्होंने बयान में दावा किया कि एक होटल के प्रबंधक ने आयोजकों से कहा कि पुलिस ने उन्हें जाकिर नाइक के संवाददाता सम्मेलन के लिए जगह नही देेने का निर्देश दिया है। बाद में वह अपने बयान से पलट गए। उन्होंने एक अन्य बयान में कहा, मुझे बताया गया है कि हम आश्वस्त नहीं हैं कि किसके निर्देश पर होटल नाइक के संवाददाता सम्मेलन के लिए जगह देने से इंकार कर रहे हैं। लेकिन पिछले 1.5 दिनों में कम से कम चार होटलों ने जगह देने से इंकार किया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत