वाशिंगटन: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 3 दिवसीय यात्रा पर आज अमेरिका पहुंचे जिस दौरान वह राष्ट्रपति बराक ओबामा से मुलाकात में द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा करेंगे और अमेरिकी कांग्रेस के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने ट्वीट किया, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यात्रा के अंतिम से पहला चरण शुरू हो गया है जिसमें वह एक धूप भरी गर्मी की दोपहरी में वाशिंगटन डीसी पहुंचे हैं।
मोदी स्विट्जरलैंड से ज्वाइंट बेस एंड्रयूज पहुंचे। बेस पर प्रधानमंत्री मोदी की अगवानी करने के लिए मौजूद शीर्ष अधिकारियों में भारत में अमेरिकी राजदूत रिचर्ड वर्मा और दक्षिण तथा मध्य एशिया के लिए सहायक विदेश मंत्री निशा बिस्वाल शामिल थे। मोदी राष्ट्रपति ओबामा के निमंत्रण पर अमेरिका की यात्रा कर रहे हैं। यह प्रधानमंत्री मोदी की चौथी अमेरिका यात्रा है।
PM मोदी का यहां का व्यस्त कार्यक्रम है जिसमें अमेरिकी कांग्रेस के एक संयुक्त सत्र को संबोधित करना भी शामिल है। वह ऐसा करने वाले 5वें भारतीय प्रधानमंत्री होंगे।
मुलाकात से पहले एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी ने कहा कि 2014 से ओबामा और मोदी के बीच छह मुलाकातें हो चुकी हैं और कई बार दोनों फोन पर बात कर चुके हैं। यह यात्रा उस महत्व को झलकाती है जो दोनों नेता दुनिया के दो सबसे बड़े लोकतांत्रिक देशों के बीच स्वाभाविक गठजोड़ को देते हैं।
नरेंद्र मोदी ने अफगानिस्तान, कतर, स्विट्जरलैंड, अमेरिका और मेक्सिको की अपनी पांच देशों की यात्रा पर रवाना होने से पहले कहा था, सात जून को अमेरिकी राष्ट्रपति के साथ अपनी मुलाकात में हम विविध क्षेत्रों में हमारी रणनीतिक साझेदारी को नयी गति और उर्जा प्रदान करने की दिशा में हुई प्रगति को देखेंगे।
मोदी अर्लिंगटन नेशनल सीमेट्री पर श्रद्धांजलि देने के साथ अपनी अमेरिका यात्रा शुरू करेंगे। उसके बाद वह कई अमेरिकी बौद्धिक संगठनों (थिंक टैंक) के प्रमुखों से मुलाकात करेंगे। वह अमेरिका इंडिया बिजनेस काउंसिल की 40वीं एजीएम को भी संबोधित करेंगे और अमेरिकी उद्योगपतियों से मुलाकात करेंगे।
अमेरिका से वह मेक्सिको के लिए रवाना होंगे जहां से वह स्वदेश लौटेंगे।