छपरा: बिहार के सारण जिला के मकेर थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम पुलिस ने छापामारी कर प्रतिबंधित नक्सलवादी संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के एक एरिया कमांडर सहित तीन अन्य सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से चार हथियार एवं दो लाख रुपए की नकद राशि मिली है।
सारण जिले के पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार राज ने मंगलवार को बताया कि बारीबकडीह दियारा क्षेत्र में मुजफ्फरपुर, सारण जिला पुलिस और विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने संयुक्त रूप से छापामारी की थी। इस छापामारी में भाकपा (माओवादी) के एरिया कमांडर अनिल सहनी और संगठन के तीन अन्य सक्रिय सदस्य अम्बिका सिंह, दीपक राम उर्फ विवेक राम और शम्भू सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने छापेमारी में तीन बंदूक और एक दोनाली के साथ 250 कारतूस, तीन प्रेशर कुकर बम और दो डेटोनेटर बरामद किए है। इसके साथ ही उनके पास से 2 लाख 5 हजार रुपए की नगद राशि भी बरामद की गई है। नक्सलियों के पास से आपत्तिजनक सामान भी बरामद हुआ हैं। नक्सलवादियों से पूछताछ जारी है और यह जानने की कोशिश हो रही है कि उनकी आगे की रणनीति क्या थी।