जयपुर: केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने राजस्थान में महाराणा प्रताप के नाम पर नई इंडिया रिजर्व बटालियन स्थापित करने की घोषणा की। सिंह ने मंगलवार उदयपुर जिले के गोगुंदा में महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनवारण करने के बाद आयोजित समारोह में यह घोषणा की। अपने संबोधन में उन्होंने जोधपुर के सरदार पटेल पुलिस विश्वविद्यालय में ग्लोबल सेन्टर फॉर काउंटर टेरेरिज्म की स्थापना तथा पुलिस आधुनिकीकरण के कार्य को गति देने की घोषणा भी की।
केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि, महाराणा प्रताप ने त्याग और बलिदान के साथ अपने शासन और सम्मान को सुरक्षित रखा और कभी भी मुगलों के आगे नहीं झुके। उन्होंने आश्वस्त किया कि भारत सरकार महाराणा प्रताप के योगदान को इतिहास में कभी भी कम नहीं होने देगी। हमारा प्रयास रहेगा कि लोगों की जुबां और स्मृति से महाराणा प्रतापके शौर्य, पराक्रम और स्वाभिमान की गाथा कभी नहीं मिट सके।
राजनाथ ने इस बात पर बल दिया कि इतिहासकारों द्वारा महाराणा प्रताप के जीवन का सही मूल्यांकन किया जाना चाहिए, क्योंकि उन्होंने अपने त्याग से महानता के उच्च आदर्श स्थापित किये हैं।