1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. एक और निर्भया: केरल में रेप के बाद छात्रा की बेरहमी से हत्या

एक और निर्भया: केरल में रेप के बाद छात्रा की बेरहमी से हत्या

 Written By: India TV News Desk
 Published : May 03, 2016 10:12 am IST,  Updated : May 03, 2016 10:12 am IST

केरल के एनार्कुलम में दिल्ली के निर्भया जैसा वीभत्स रेप कांड की एक वारदात सामने आई है। यहां लॉ का कोर्स कर रही 30 साल की दलित छात्रा के साथ रेप किया गया और उसके बाद उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई।

rape- India TV Hindi
rape

नई दिल्ली: केरल के एनार्कुलम में दिल्ली के निर्भया जैसा वीभत्स रेप कांड की एक वारदात सामने आई है। यहां लॉ का कोर्स कर रही 30 साल की दलित छात्रा के साथ रेप किया गया और उसके बाद उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। अपने घर में मृत मिली इस छात्रा की आंतें तक बाहर निकली हुई थीं। पुलिस का कहना है कि छात्रा अपनी मां के साथ रहती थी, जिनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। उसके पिता ने उसकी मां को छोड़ दिया था। छात्रा को आखिरी बार गुरुवार दोपहर 1 बजे देखा गया था, जब वह पानी भरने निकली थी।

पुलिस को शक है कि गुरुवार दोपहर 1 से शाम पांच बजे के बीच ही उस पर हमला किया गया होगा। हालांकि इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। वहीं राज्य की विपक्षी सीपीएम ने इस मामले में राज्य सरकार पर 'निष्क्रियता' का आरोप लगाया है। सीपीएम के राज्य सचिव कोडियारी बालकृष्णन ने कहा, 'घटना के पांच दिन बाद भी पुलिस दोषियों के बारे में पता लगाने में नाकाम रही है।' जबकि राज्य के गृहमंत्री रमेश चेन्नितला ने आरोपों को नकारते हुए कहा कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ मामला दर्ज कराने का वादा किया।

केरल की इस घटना ने दिल्ली में एक मेडिकल छात्रा के साथ साल 2012 में हुए निर्मम रेप की यादें ताजी कर दी। पांच लोगों ने एक चलती बस में 23 वर्षीय छात्रा के साथ गैंगरेप किया और लोहे की रॉड से उसके जननांगों पर हमला किया था। इस घटना को लेकर पूरे देश में भारी गुस्सा था और इस वजह से महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराध के मामले में नया कानून तक बनाया गया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत