नयी दिल्ली: मुस्लिम धार्मिक गुरु ज़ाकिर नायक का कहना है कि अगर ढाका के हमलावर आतंकी उन्हें जानते थे तो उन्हें कोई हैरानी नहीं होगी। बताया जा रहा है कि ढाका के हमलावर नायक के मुरीद थे।
इस बारे में सवाल पूछे जाने पर नायक ने कहा, 'क्या मुझे इस बात से हैरान होना चाहिए कि ढाका के हमलावर मुझे जानते थे? नहीं।'
अंग्रेज़ी दैनिक इंडियन एक्सप्रेस से नायक ने कहा कि फ़ेसबुक में उनके सबसे ज़्यादा फालोअर्स बांग्लादेश से हैं। करीब 90 फीसद बांग्लादेशी उन्हें जानते हैं। इनमें नेता, व्यापारी, छात्र और की अन्य लोग शामिल हैं। इनमे से करीब 50 फीसद लोग मेरे फ़ैन हो सकते हैं। क्या मुझे हैरान होना चाहिये कि हमलावर मुझे जानते थे? नहीं।
नायक ने स्पष्ट किया कि वह मुझे जानते हों या नहीं लेकिन इसका ये मतलब ये नहीं कि मैं उनके तरीके का समर्थन करता हूं। उन्होंने कहा कि हो सकता है कि ऐसा व्यक्ति पैग़ंबर मोहम्मद का कट्टर समर्थक हो। लेकिन क्या इसका मतलब ये है कि पैग़ंबर ने उससे लोगों को मारने को कहा होगा...?
कुरान का हवाला देते हुए मुस्लिम धार्मिक गुरु ने कहा कि अगर कोई व्यक्ति किसी भी धर्म के व्यक्ति की हत्या करता है तो वह पहले मानवता की हत्या करता है।
कई देशों में उन पर लगे प्रतिबंध के बारे में ज़ाकिर नाय ने कहा कि इसके पीछे हिंदू कट्टरपंथियों का हाथ है। उन्होंने दावा किया कि फ़ेसबुक पर उनके एक चौथाई अनुयायी ग़ैर-मुस्लिम हैं जो उनके भाषणों में भी शामिल होते हैं।