श्रीनगर: सत्तारूढ़ पीडीपी के पुलवामा से विधायक मोहम्मद खलील बांद कल देर रात अपने गृह जिले में पथराव करने वाली भीड़ के हमले में घायल हो गए। पुलिस ने आज बताया कि बांद बीती रात करीब 11 बजे श्रीनगर जा रहे थे कि उसी समय यहां से 26 किलोमीटर दूर पुलवामा के प्रेचु में एक भीड़ ने उनके वाहन पर हमला किया।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया जिससे वाहन पलट गया। उन्होंने बताया कि घटना में विधायक घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए सेना के बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। विधायक के निजी सुरक्षा गार्ड और चालक को मामूली चोटें आयी हैं।
हिज्बुल मुजाहिदीन के शीर्ष आतंकवादी बुरहान वानी के आठ जुलाई को मारे जाने के बाद कश्मीर में हिंसा भड़क उठी थी। राज्य में भड़की हिंसा में अब तक 41 लोगों की मौत हो चुकी हैं और 3,160 लोग घायल हुए हैं।
वहीं घाटी में कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए स्कूल और कॉलेजों की गर्मी की छुट्टियां एक और हफ्ता बढ़ाने का फैसला लिया गया है। कश्मीर में 17 दिन की गर्मी की छुट्टी के बाद स्कूल और कॉलेज सोमवार को खुलने थे। यदि हालात सामान्य रहे तो 25 जुलाई को स्कल-कॉलेज खुल जाएंगे। इस बीच, हुर्रियत ने तीन दिन की हड़ताल का ऐलान किया था जिसका सोमवार को आखिरी दिन है।