फगवाड़ा (पंजाब): पंजाब के शहर फगवाड़ा में दो समुदायों के कट्टरपंथियों के बीच रविवार को संभावित टकराव प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद टल गया। पुलिस ने बताया कि पोस्टर वार से दो समुदायों के बीच तनाव पैदा हो गया। पुलिस के अनुसार आदर्श नगर में अकाल स्टूडेंट्स फेडरेशन के कार्यकर्ता गुरदीप सिंह ने कल अपने घर के बाहर दिवंगत आतंकवादी जरनैल सिंह भिंडरवाले का पोस्टर लगाया था। उसका अखिल भारतीय हिंदू सुरक्षा समिति के प्रदेश इकाई अध्यक्ष दीपक भारद्वाज ने विरोध किया। उसके बाद उन्होंने अपने घर के बाहर जनरल ए एस वैद्य का पोस्टर लगा दिया जिन्होंने ब्लू स्टार ऑपरेशन में अहम भूमिका निभायी और उस अभियान में भिंडरवाले मारा गया।
गुरदीप सिंह और भारद्वाज के मकान उसी इलाके में एक दूसरे के समीप हैं। पुलिस के अनुसार शीघ्र ही बाद, फेडरेशन के कार्यकर्ता गुरदीप सिंह के घर के बाहर एकत्र हो गए। उसके बाद भारद्वाज ने भी अपने संगठन से समर्थकों को बुला लिया। पुलिस को बुलाया गया और किसी भी अप्रिय घटना को टालने के लिए उनके मकानों के सामने पुलिस की टुकडि़यां तैनात कर दी गयीं। एहतियात के तौर पर समीप के जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया और उसे तैयार किया गया। पुलिस ने दखल दिया और दोनों पक्षों को वार्ता की मेज पर लाया। आधी रात तक चली बैठक के बाद दोनों पक्ष अपने अपने रूख से पीछे हटे। भारद्वाज ने वैद्य का पोस्टर हटाया जबकि फेडरेशन कार्यकर्ताओं ने भिंडरवाले का पोस्ट। फगवाड़ा के पुलिस अधीक्षक अजिंदर सिंह ने बताया कि इस मामले को सौहार्द्रपूर्ण तरीके से सुलझा लिया गया है और शहर में कोई तनाव नहीं है।