नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वन मैन शो चलाने संबंधी आरोप को खारिज करते हुए कहा कि राजग सरकार के तहत समाज का ध्रुवीकरण होने की बात का कोई आधार नहीं है। पर्यावरण मंत्री ने कहा कि लोकतांत्रिक नीति निर्धारण प्रक्रिया का अनुसरण मोदी सरकार की ओर से किया जा रहा है और सभी बड़े निर्णय विचार-विमर्श की प्रक्रिया के बाद किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा, मैं कभी-कभी सोचता हूं कि हमें अपनी कैबिनेट बैठक का आप (मीडिया) तक प्रसारण करना चाहिए। तब आप समझेंगे कि कैबिनेट में क्या लोकतांत्रिक कामकाज होता है। जावड़ेकर ने कहा, हर कोई अपनी बात रख सकता है, अपनी राय रख सकता है। प्रधानमंत्री कभी दखल नहीं देते। वह सभी विचारों को सुनते हैं और फिर अपनी राय देते हैं कि किस पर विचार होना चाहिए। उनसे इस आलोचना के संदर्भ में सवाल किया गया था कि मोदी ने पूरी ताकत अपने हाथ में ले रखी है और बड़े फैसले खुद करते हैं।
इस महीने की शुरूआत में पूर्व केंद्रीय मंत्री अरूण शौरी ने मोदी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया था कि मोदी एक व्यक्ति वाली राष्ट्रपति व्यवस्था की सरकार चला रहे हैं। यह पूछे जाने पर कि क्या राजग सरकार में समाज का ध्रुवीकरण हो रहा है, जावड़ेकर ने इस तरह के आरोप को खारिज कर दिया और कहा कि प्रधानमंत्री बार बार 125 करोड़ भारतीयों की बात करते हैं।
उन्होंने कहा, ध्रुवीकरण हमारी सरकार या पार्टी का एजेंडा कभी नहीं रहा है। हम एकीकृत भारत के पक्षधर हैं। हम एक लोग, एक राष्ट्र में विश्वास करते हैं। प्रधानमंत्री लोगों के बीच कभी भेदभाव नहीं करते हैं। वह 125 करोड़ लोगों की बात करते हैं।