1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. राजनाथ ने कश्मीर में अशांति के लिए पाकिस्तान पर निशाना साधा

राजनाथ ने कश्मीर में अशांति के लिए पाकिस्तान पर निशाना साधा

 Written By: India TV News Desk
 Published : Aug 20, 2016 07:07 pm IST,  Updated : Aug 20, 2016 07:07 pm IST

केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कश्मीर में चल रही अशांति के लिए पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए कहा कि वह घाटी में शांति भंग करने का लगातार प्रयास कर रहा है।

Rajnath Singh
- India TV Hindi
Rajnath Singh

शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश): केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कश्मीर में चल रही अशांति के लिए पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए कहा कि वह घाटी में शांति भंग करने का लगातार प्रयास कर रहा है। यहां तिरंगा रैली को संबोधित करते हुए राजनाथ ने कहा, आज मुझे यह कहने में कोई संकोच नहीं है कि पाकिस्तान लगातार कश्मीर में अशांति पैदा करने का प्रयास कर रहा है। वह इसे नष्ट करना चाहता है और घाटी में शांति भंग करना चाहता है।

उन्होंने कहा, हाल ही में मैं पाकिस्तान गया था और आप सभी हमारे पड़ोसी देश के कुकर्मों को जानते हैं। वहां जो हुआ मैं उसे दोहराना नहीं चाहता, लेकिन यह कहना चाहूंगा कि वहां मैंने भारत का गौरव कम नहीं होने दिया। मैंने कहा कि एक देश का आतंकवादी दूसरे देश का हीरो नहीं हो सकता। राजनाथ ने कहा, मैं कश्मीर के लोगों को बताना चाहता हूं कि हमें ना सिर्फ कश्मीर की भूमि से बल्कि वहां के लोगों से भी प्रेम है। मैं कश्मीरियों से अपील करना चाहूंगा कि हम उनके हाथों में पत्थर, ईटें, हथियार नहीं बल्कि कलम, कम्प्यूटर और नौकरियां देखना चाहते हैं। आप सबको रोजगार करते हुए देखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि हिंसक प्रदर्शन किसी मुद्दे का हल नहीं हो सकते हैं। पहले शांति होनी चाहिए, फिर मुद्दों को बातचीत के जरिए हल किया जा सकता है।

राजनाथ ने कहा, कुछ लोग ब्रिटिश शासकों द्वारा अपनाए गए फूट डालो और शासन करो की नीति अपनाकर हिन्दुओं, मुसलमानों, इसाइयों और पारसियों के बीच नफरत फैलाना चाहते हैं, लेकिन वे बुरी तरह असफल रहे हैं। भारत के लोगों को कोई बांट नहीं सकता।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत