अपने दिन की शुरुआत हेल्दी और प्रोटीन से भरपूर नाश्ता के साथ करना चाहिए। प्रोटीन से भरपूर नाश्ता करने से पेट भी लम्बे समय तक भरा रहता है और दिन भर ज़्यादा भूख नहीं लगती। इसे आप बेवजह की एक्स्ट्रा स्नैकिंग से बचे रहते हैं जिससे वजन संतुलित रहता है साथ ही शरीर एक्टिव और एनर्जी से भरपूर होता है। अगर आप सोच रहे हैं कि प्रोटीन से भरपूर कौन सा नाश्ता बनाएं तो आप मिक्स दाल से डोसा बना सकते हैं। यह खाने में टेस्टी और हेल्दी होता है। तो, चलिए जानते हैं कैसे बनाएं यह रेसिपी?
हाई प्रोटीन डोसा बैटर के लिए सामग्री:
उखड़ा चावल (इडली राइस) - 1 कप, उड़द दाल - 1/4 कप, साबुत हरी मूंग दाल - 1/4 कप, पीली मूंग दाल - 1/4 कप, अरहर दाल - 1/4 कप, राजगिरा - 1/4 कप, नाचनी 1/4 कप, पोहा - 1/4 कप, मेथी दाना - 1 छोटा चम्मच, हरी मिर्च - 2, अदरक - 1 इंच, पानी ज़रूरत के अनुसार, नमक स्वादानुसार
कैसे बनाएं हाई प्रोटीन डोसा?
-
सभी अनाज, दालों और मिलेट्स को साफ़ पानी से एक साथ धो लें। कम से कम 3-4 बार या पानी साफ़ होने तक धोएँ और फिर इन्हें कम से कम 4-5 घंटे के लिए भिगो दें। भीगने के बाद, पानी छान लें और एक बार फिर साफ़ पानी से धो लें।
-
भीगे हुए अनाज को मिक्सर ग्राइंडर में डालें और उसमें हरी मिर्च और अदरक मिलाएँ। थोड़ा सा पानी डालकर बारीक पेस्ट बना लें। ज़्यादा पानी न डालें क्योंकि बैटर या पेस्ट गाढ़ा होना चाहिए, ठीक वैसे ही जैसे सामान्य डोसा बैटर होता है। ज़रूरत हो तो थोड़ा-थोड़ा करके पीसें।
-
पिसे हुए बैटर को एक बड़े बर्तन में निकाल लें और खमीर उठने (फरमेंटेशन) के लिए रात भर किसी गर्म जगह पर रखें। रात भर खमीर उठने के बाद, बैटर फूल जाएगा और मात्रा में बढ़ जाएगा; बैटर को हल्के हाथ से मिलाएँ। स्वादानुसार नमक डालें और एक बार फिर मिला लें।
-
आपका हेल्दी डोसा बैटर तैयार है। अगर इसे सही तरीके से रखा जाए, तो यह रेफ्रिजरेटर में कुछ दिनों तक ठीक रहता है। डोसा बनाने के लिए एक बार में सिर्फ़ ज़रूरत के अनुसार बैटर निकालें, पूरा बैच नहीं। अब डोसा पैन रखें और उसपर डोसा का बैटर डालकर घुमाएं। दोनों साइड से क्रंची होने तक उसे सेंकें। जब डोसा तैयार हो जाए तो उसे नारियल की चटनी के साथ सर्व करें