1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. एसआईआई ने कोविड वैक्सीन के मूल्य का बचाव किया, कहा- अग्रिम वित्त पोषण पर आधारित थी शुरुआती कीमत

एसआईआई ने कोविड वैक्सीन के मूल्य का बचाव किया, कहा- अग्रिम वित्त पोषण पर आधारित थी शुरुआती कीमत

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 24, 2021 04:51 pm IST,  Updated : Apr 24, 2021 11:18 pm IST

एसआईआई की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि वैक्सीन के थोड़े से हिस्से को निजी अस्पतालों को 600 रुपये प्रति खुराक की दर पर बेचा जाएगा, यह कीमत अभी भी कई दूसरे चिकित्सकीय उपचारों की तुलना में कम है ।

निजी अस्पतालों को इतने रूपए में मिलेगी Covishield, सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया ने दी जानकारी- India TV Hindi
निजी अस्पतालों को इतने रूपए में मिलेगी Covishield, सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया ने दी जानकारी Image Source : INDIA TV

नई दिल्ली। सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एसआईआई) ने शनिवार को प्राइवेट अस्पतालों के लिए कोविशील्ड वैक्सीन के लिए दाम तय कर दिए हैं। एसआईआई ने कहा कि अगले कुछ दिनों तक निजी अस्पतलों को 600 रुपए प्रति डोज के हिसाब से कोविशील्ड वैक्सीन दी जाएगी। कंपनी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि कोविड कोविशील्ड वैक्सीन की कीमत काफी कम है।

सीरम ने बताई कीमत शुरू में क्यों थी कम

देश में कोविड-19 की सबसे अधिक इस्तेमाल होने वाली वैक्सीन बनाने वाली कंपनी सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया ने शनिवार को कोविशील्ड वैक्सीन का मूल्य शुरुआती कीमत के मुकाबले डेढ़ गुना तय करने के फैसले का बचाव करते हुए कहा कि शुरुआती कीमत अग्रिम वित्त पोषण पर आधारित थी और अब उसे उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए और अधिक निवेश करने की जरूरत है।

पुणे स्थित सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एसआईआई) ने इस सप्ताह की शुरुआत में वैक्सीन की कीमत राज्य सरकारों और केंद्र सरकार के साथ किसी नए करार के लिए 400 रुपये प्रति खुराक और निजी अस्पतालों के लिए 600 रुपये प्रति खुराक तय की थी। एसआईआई एस्ट्राजेनेका की वैक्सीन कोविशील्ड का विर्निमाण करती है। वह इस समय केंद्र सरकार को 150 रुपये प्रति खुराक की दर से वैक्सीन की आपूर्ति कर रही है। 

एसआईआई ने कहा, ‘‘भारत वैक्सीन की कीमत और वैश्विक कीमतों के बीच एक गलत तुलना की गई है। कोविशील्ड आज बाजार में उपलब्ध कोविड-19 की सबसे सस्ती वैक्सीन है।’’ कंपनी ने कहा कि शुरुआती कीमत ‘‘दुनिया भर में कम थी, क्योंकि यह उन देशों के अग्रिम वित्त पोषण पर आधारित थी, जिसमें वैक्सीन निर्माण का जोखिम शामिल था।’’ बयान में कहा गया, ‘‘भारत सहित सभी सरकारी टीकाकरण कार्यक्रमों के लिए कोविशील्ड की शुरुआती कीमत सबसे कम थी।’’

कंपनी ने आगे कहा, ‘‘मौजूदा स्थिति एकदम अलग है, वायरस लगातार रूप बदल रहा है, जबकि जनता पर जोखिम बना हुआ है। अनिश्चितता की पहचान करते हुए, हमें स्थिरता सुनिश्चित करनी होगी, क्योंकि हमें महामारी से लड़ने के लिए क्षमता विस्तार में निवेश करना है और लोगों की जान बचानी है।’’ एसआईआई ने कहा कि वैक्सीन के थोड़े से हिस्से को निजी अस्पतालों को 600 रुपये प्रति खुराक की दर पर बेचा जाएगा और यह कीमत अभी भी कई दूसरे चिकित्सकीय उपचारों की तुलना में कम है। 

बता दें कि, कुछ समय पहले टीका बनाने वाली दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी एसआईआई ने कहा था कि कोविड-19 टीका ‘कोविशील्ड’ की कीमत राज्य सरकारों के लिए 400 रुपये प्रति खुराक तथा निजी अस्पतालों के लिए 600 रुपये प्रति खुराक होगी। कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी अदार पूनावाला ने यह भी कहा था कि 150 रुपए प्रति खुराक का मौजूदा अनुबंध समाप्त होने के बाद केंद्र सरकार के लिये भी दर 400 रुपये प्रति खुराक होगी।

ये भी पढ़ें:

यूपी में कोरोना से हालात हुए बेकाबू! 38 हजार से ज्यादा नए मामले आए

सेना ने दिल्ली के इस अस्पताल में अतिरिक्त स्वास्थ्यकर्मी तैनात किये

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत