बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली शहर स्थित रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय के एक युवक ने गाली-गलौज के मामले को लेकर अपने पिता की मदद से सरेआम अपने दोस्त की चाकू से ताबड़तोड़ प्रहार करके हत्या कर दी। पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि बारादरी थाना क्षेत्र के एजाजनगर गौंटिया में रहने वाले मजदूर निजाकत 30 का अपने दोस्त आरिफ से कल धन को लेकर विवाद हो गया था।
निजाकत ने आवेश में आकर आरिफ को कथित रूप से गालियां दी थीं। उन्होंने बताया कि गाली-गलौज को लेकर दोनों झागड़ते हुए इमामबाड़े तक पहुंचे जहां आरिफ का पिता राशिद पहले से मौजूद था। आरोप है कि पूरी बात पता लगने पर राशिद ने निजाकत को पीछे से पकड़ लिया और आरिफ ने पास में स्थित कसाई की दुकान से लायी गयी छुरी से निजाकत के सीने और पेट पर ताबड़तोड़ वार किये। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक निजाकत ने खुद को छुड़ाकर भागने की कोशिश की लेकिन आरिफ ने उसे दौड़ाकर उसकी पीठ पर भी कई वार किये, जिससे निजाकत लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गयी। सूत्रों ने बताया कि मौके पर मौजूद लोगों ने आरिफ और उसके पिता को पकड़ लिया और निजाकत के परिजन को सूचना दी। उसे गम्भीर हालत में अस्पताल ले जाने की कोशिश की गयी लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि हत्यारोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार करके उनके खिलाफ बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज की गयी है।