श्रीनगर: हिजबुल मुजाहिदीन के मारे गए कमांडर बुरहान वानी के पिता ने आज कहा कि उन्होंने आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक श्री श्री रवि शंकर से उनके बंगलुरू स्थित आश्रम में मुलाकात कर घाटी के हालात के बारे में चर्चा की। मुजफ्फर वानी ने दक्षिण कश्मीर के तराल कस्बे स्थित अपने आवास से बताया, मैंने पिछले हफ्ते बेंगलुरू की एक निजी यात्रा के दौरान श्री श्री रवि शंकर से मुलाकात की। चूंकि श्री श्री शांति पुरूष हैं, इसलिए मैंने उन्हें हालात से अवगत कराया।
वानी के बेटे बुरहान के मारे जाने से घाटी में हिंसा भड़क गई थी जिसमें 68 लोगों की जान गई है और हजारों अन्य घायल हुए हैं। घाटी में 51 वें दिन भी आज अशांति जारी रही। वानी ने बताया कि उन्होंने श्री श्री यह भी कहा कि वह कश्मीर समस्या के हल के लिए अपने प्रभाव का इस्तेमाल करें।उन्होंने बताया, श्री श्री ने मुझसे पूछा कि कश्मीर के लोग क्या चाहते हैं। मैंने उनसे घाटी की यात्रा करने को कहा। पेशे से शिक्षक वानी ने कहा कि कश्मीर समस्या का टिकाउ हल निकालने के लिए अलगाववादियों के साथ बेशर्त वार्ता होनी चाहिए। उन्होंने कहा, कश्मीर का नेतृत्व हुर्रियत है और एक बेशर्त वार्ता होनी चाहिए...संविधान के दायरे में होने की पूर्व शर्त से कोई समाधान नहीं निकलेगा। बुरहान के पिता इलाज के लिए गुरुवार को बेंगलुरू गए थे और कल घर लौटे।
वानी के साथ श्री श्री एक तस्वीर ट्विटर पर डाली गई जो सोशल नेटवर्किंग साइटों पर फैल गई। वानी ने बताया कि वह अपनी मधुमेह की समस्या के इलाज के लिए श्री श्री के आयुर्वेदिक अस्पताल में गए थे। मैं होटल में नहीं ठहरा क्योंकि मैंने इसे सुरक्षित नहीं पाया। मैं आश्रम में (श्री श्री के) ठहरा। रवि शंकर ने ट्वीट किया, बुरहान वानी के पिता मुजफ्फर वानी पिछले दो दिनों से आश्रम में थे। हमने कई मुद्दों पर चर्चा की। पिछले साल अप्रैल में सुरक्षा बलों के आतंकवाद रोधी एक अभियान में तराल के जंगलों में उनका बड़ा बेटा खालिद भी मारा गया था।