मोहाली: आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक श्री श्री रविशंकर ने कहा कि समय की मांग है कि पंजाब को ड्रग मुक्त बनाया जाए तथा उन्होंने लोगों से योग को राजनीति से ऊपर रखने की अपील की। उन्होंने यहां प्राफेलिक रिहेबिलेटेशन सेंटर में ध्यान सत्र के दौरान कहा, पंजाब को ड्रग मुक्त करना महत्वपूर्ण है। पंजाब की वर्तमान स्थिति में राज्य को ड्रग मुक्त बनाने के लिए सभी को आगे आना चाहिए तथा पंजाब के युवाओं को बचाना चाहिए।
रविशंकर ने सभी से अपील की कि उन्हें योग को राजनीति से ऊपर रखना चाहिए तथा चंडीगढ़ में होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस में भागीदारी करनी चाहिए जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी भाग लेंगे। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति के लिए जाति, पंथ एवं सामाजिक दर्जे पर ध्यान दिए बिना योग के महत्व पर बल दिया और कहा कि लोगों को योग में धर्म को नहीं लाना चाहिए।
रविशंकर ने कहा कि योग महज आसन या शारीरिक कसरत नहीं बल्कि एक सम्पूर्ण विज्ञान है जो हमें तनाव रहित जीने की तकनीक प्रदान करता है। पश्चिमी कमान के प्रमुख लेफ्टीनेंट जनरल जे के सिंह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को इस केन्द्र में लाने और बहादुर लोगों से उनका परिसंवाद करवाने का प्रयास किया जाएगा।