1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. सुषमा अफ्रीकी छात्रों से मिलीं, सुरक्षा का भरोसा दिया

सुषमा अफ्रीकी छात्रों से मिलीं, सुरक्षा का भरोसा दिया

 Written By: IANS
 Published : May 31, 2016 05:44 pm IST,  Updated : May 31, 2016 05:45 pm IST

विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने मंगलवार को अफ्रीकी छात्रों के एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की और उन्हें भारत में पूरी सुरक्षा और समर्थन के प्रति आश्वस्त किया।

sushma swaraj- India TV Hindi
sushma swaraj

नई दिल्ली: विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने मंगलवार को अफ्रीकी छात्रों के एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की और उन्हें भारत में पूरी सुरक्षा और समर्थन के प्रति आश्वस्त किया। राष्ट्रीय राजधानी स्थित जवाहर भवन में अफ्रीकी प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात करने वाली सुषमा ने नई दिल्ली में कांगो के निवासी छात्र एम.के.ओलिवियर की हत्या की निंदा की, लेकिन उन्होंने इस बात को स्पष्ट किया कि यह मामला नस्लभेद का नहीं था।

उन्होंने कहा, "मामूली विवाद पर ओलिवियर (29) की हत्या केवल दुर्भाग्यपूर्ण ही नहीं, बल्कि दर्दनाक है।" सुषमा ने बाद में कहा, "मैंने अफ्रीकी छात्रों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की और यह समझाने का प्रयास किया कि घटना भले ही बड़ी है, लेकिन इसका नस्लभेद से कोई लेना-देना नहीं है।"

उन्होंने कहा, "जिस दिन घटना हुई, मैंने दिल्ली के उप राज्यपाल से घटना से संबंधित रिपोर्ट मांगी और मुझे जानकारी दी गई कि इस मामले में दो लोगों की गिरफ्तारी हुई है।"

बैठक के दौरान सुषमा के साथ विदेश राज्य मंत्री वी.के.सिंह तथा विदेश सचिव एस.जयशंकर भी मौजूद थे।

कांगो के एक नागरिक की हत्या, नई दिल्ली में ठहरे अफ्रीकी नागरिकों पर हमला तथा हैदराबाद मामले के कारण अफ्रीकी समुदाय में भारी नाराजगी है। अफ्रीकी छात्रों के एक समुदाय ने सोमवार को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन भी किया।

कांगो के नागरिक की हत्या को लेकर पिछले सप्ताह अफ्रीकी राजनयिकों ने अफ्रीका दिवस समारोह का बहिष्कार करने की चेतावनी दी थी, लेकिन सरकार के हस्तक्षेप और आश्वासन के बाद उन्होंने 26 मई को आयोजित समारोह में हिस्सा लेने की हामी भर दी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत