देहरादून: द्वारका-शारदा पीठ के प्रमुख शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती ने दावा किया कि भारत दुनिया में गोमांस का सबसे बड़ा निर्यातक देश है। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिस देश में गाय को पूजा जाता है, उस देश की सरकार इसका मांस बेचकर विदेशी मुद्रा कमाने में व्यस्त है। उन्होंने कहा, इस तथ्य के बावजूद कि गोहत्या पर कई राज्यों में प्रतिबंध है, गोमांस बेचने में भारत प्रथम पायदान पर है।
स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती ने आरोप लगाया कि गोचर भूमि बिल्डरों और उद्योगपतियों को बेची जा रही है। उन्होंने गोरक्षकों को कथित तौर पर फर्जी कहकर अपमानित करने और उनकी तुलना गुंडों से करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आलोचना की।
हरिद्वार में एक कार्यक्रम के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए शंकराचार्य ने कहा, ‘देश के बहुत से राज्यों में गौ हत्या पर प्रतिबंध है लेकिन इसके बावजदू आज देश विश्व में गौमांस की बिक्री में प्रथम स्थान पर है। यह दुर्भाग्य है कि जिस देश के लोग गाय को माता समझते हैं और उसकी पूजा करते हैं, उसी देश की सरकार गौमांस की बिक्री कर विदेशी मुद्रा कमाने में लगी है।'
शंकराचार्य ने कहा कि देश में चुनी हुई सरकार है लेकिन वह जनता के हितों का ध्यान रखने की बजाय पैसा कमाने में लगी हुई है। स्मार्ट सिटी का जिक्र करते हुए शंकराचार्य ने कहा कि ऐसे शहरों का क्या औचित्य है, जहां गायों के लिए कोई जगह न हो।