1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. चाय बेचकर पास की CA की परीक्षा, सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल

चाय बेचकर पास की CA की परीक्षा, सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 09, 2016 11:07 pm IST,  Updated : Sep 09, 2016 11:07 pm IST

जनवरी 2016 में चार्टर्ड आकाउंटेंट (सीए) की परीक्षा पास करने वाले चाय विक्रेता सोमनाथ गिराम सड़क दुर्घटना में बुरी तरह घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि इस दुर्घटना के बाद उनके कमर के नीचे का पूरा हिस्सा बेकार हो गया है।

सोमनाथ गिराम।- India TV Hindi
सोमनाथ गिराम।

पुणे: तकदीर भी लोगों को कैसे-कैसे नचाती है। कोई शख्स कितनी मेहनत करके आगे बढ़ता है लेकिन अगले ही पल तकदीर उसे उल्टा पटक देती है। ऐसी ही एक घटना सोलापुर में देखने को मिली है। जनवरी 2016 में चार्टर्ड आकाउंटेंट (सीए) की परीक्षा पास करने वाले चाय विक्रेता सोमनाथ गिराम सड़क दुर्घटना में बुरी तरह घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि इस दुर्घटना के बाद उनके कमर के नीचे का पूरा हिस्सा बेकार हो गया है। 

खबर के मुताबिक, सोलापुर में एक सड़क दुर्घटना में घायल होने की वजह से सोमनाथ गिराम के कमर के नीचे का हिस्सा पूरी तरह से बेकार हो गया है। उन्हें यहां के संचेती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के एक अधिकारी ने कहा, ‘गिराम की कमजोर आर्थिक स्थिति को देखते हुए सरकार ने उसके इलाज का सारा खर्च उठाने का निर्णय किया है। संचेती हास्पिटल के प्रबंध निदेशक डाक्टर पराग संचेती ने कहा, ‘वह कल सोलापुर में एक सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए और उनकी रीढ़ की हड्डी में चोट आई जिससे उसके शरीर का निचला हिस्सा पूरी तरह से बेकार हो गया है।’ 

अधिकारी ने कहा, ‘वह खतरे से बाहर हैं और दो दिन बाद ऑपरेशन का निर्णय लिया जाएगा।’ संचेती ने कहा कि राज्य सरकार ने इस अस्पताल को सूचित किया है कि इलाज का पूरा खर्च सरकार द्वारा वहन किया जाएगा। हम भी देखेंगे कि किस तरह की मदद हम कर सकते हैं। सोलापुर जिले के एक छोटे से गांव के रहने वाले सोमनाथ ने इस साल जनवरी में सीए की परीक्षा पास की। इसके बाद शिक्षा मंत्री विनोद तावड़े ने उन्हें महाराष्ट्र सरकार की सीखो और कमाओ योजना का ब्रांड ऐम्बेसडर नियुक्त किया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत