1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. डांसर बनना चाहता था दिल्ली दहलाने की साजिश रचने वाला साजिद

डांसर बनना चाहता था दिल्ली दहलाने की साजिश रचने वाला साजिद

 Written By: India TV News Desk
 Published : May 05, 2016 12:21 pm IST,  Updated : May 05, 2016 12:21 pm IST

दिल्ली दहलाने की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किए गए जैश ए मोहम्मद के संदिग्ध आतंकियों का सरगना साजिद एक डांसर बनना चाहता था। उसने दो प्रमुख डांस शोज के ऑडिशन भी दिए थे लेकिन जब इन शोज में इसका चयन नहीं हुआ तो उसके बाद वह जैश ए मोहम्मद की आतंकी वि

terrorist- India TV Hindi
terrorist

नई दिल्ली: दिल्ली दहलाने की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किए गए जैश ए मोहम्मद के संदिग्ध आतंकियों का सरगना साजिद एक डांसर बनना चाहता था। उसने दो प्रमुख डांस शोज के ऑडिशन भी दिए थे लेकिन जब इन शोज में इसका चयन नहीं हुआ तो उसके बाद वह जैश ए मोहम्मद की आतंकी विचारधारा से जुड़ गया और उसका फेसबुक पेज फॉलो करने लगा।

पुलिस के अनुसार साजिद पेशे से दर्जी था। आईईडी असेम्‍बल करते समय उसकी हथेली जल गई थी। यह भी आशंका है कि हो सकता है वह बम असेम्‍बल कर रहा हो। उसे मंगलवार को दिल्‍ली के चांद बाग इलाके से गिरफ्तार किया गया। साजिद ने एक साल तक डांस क्‍लास अटेंड की थी। पिता की मौत के कुछ महीने बाद साजिद डांस इंडिया डांस और इंडियाज गॉट टैलेंट के लिए मुंबई गया था।

पुलिस सूत्रों ने बताया,’ साजिद ने पूछताछ में बताया कि वह वेस्‍टर्न और क्‍लासिकल डांस में प्रशिक्षित है। मुंबई से लौटने के बाद उसने फिर से डांस क्‍लास जाना शुरू कर दिया था। उसी समय वह पड़ोस में रहने वाले जहांगीर नाम के शख्‍स से मिला। उसने साजिद से गंभीर होने और धर्म को मानने को कहा।’ पूछताछ कर रहे अधिकारियों ने बताया कि साजिद जैश ए मोहम्‍मद प्रमुख मौलाना मसूद अजहर और इस्‍लामी उपदेशक मौलाना अंजर कासमी के वीडियो देखने लगा। कासमी को स्‍पेशल सेल ने अल कायदा के इंडियन मोड्यूल से कथित संबंधों के आरोप में गिरफ्तार किया था।

पुलिस के अनुसार, इंटरनेट पर आतंकवाद से जुड़ी वेबसाइट्स से साजिद को एक फोन नंबर मिला, फिर उसे जैश के सरगना मसूद अजहर के भाई तलहा से संपर्क करने को कहा गया। पुलिस ने बताया कि तलहा कोई भी हो सकता है। वह आईएसआई का एजेंट भी हो सकता है। मसूद अजहर का एक भाई तलहा के नाम से आतंकी गतिविधि चलाता है। साजिद तलहा के संपर्क में आया। उसने उसे युवाओं को जोड़ने और आईईडी बनाने को कहा।

दिल्ली के भजनपुरा इलाके में रहने वाले साजिद को व्हाट्सएप पर भी निर्देश मिले थे। उसने जैश से जुडे़ वीडियो डाउनलोड किए थे और बम बनाने के टिप्स इंटरनेट पर सर्च किए थे।

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बुधवार, 4 मई को आतंकवाद के खिलाफ बड़ा ऑपरेशन करते हुए 13 संदिग्ध आतंकियों को हिरासत में ले लिया। इनमें शामिल मास्टरमाइंड साजिद समेत तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दिल्ली पुलिस का दावा है कि ये संदिग्ध आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े हैं। दिल्ली पुलिस का दावा है कि जैश के इस इंडियन मॉड्यूल पर छह महीनों से नजर रखी जा रही थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत