1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. अरुणाचल प्रदेश में दो साल के बच्चे समेत 33 और लोग Coronavirus से संक्रमित मिले

अरुणाचल प्रदेश में दो साल के बच्चे समेत 33 और लोग Coronavirus से संक्रमित मिले

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jul 11, 2020 02:33 pm IST,  Updated : Jul 11, 2020 02:35 pm IST

अरुणाचल प्रदेश में दो साल के बच्चे समेत 33 और लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं जिससे राज्य में संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 335 हो गई है।

Toddler among 33 fresh COVID-19 cases in Arunachal Pradesh- India TV Hindi
Toddler among 33 fresh COVID-19 cases in Arunachal Pradesh Image Source : PTI

ईटानगर: अरुणाचल प्रदेश में दो साल के बच्चे समेत 33 और लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं जिससे राज्य में संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 335 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि नए मामलों में 28 कैपिटल कॉम्प्लेक्स क्षेत्र में, तीन चांगलांग जिले और दो मामले नमसई में सामने आए हैं। कैपिटल कॉम्प्लेक्स में ईटानगर, नहारलागुन, निर्जुली और बंदरदेवा शहर शामिल हैं। राज्य के निगरानी अधिकारी डॉ. एल जम्पा ने कहा, ‘‘अरुणाचल प्रदेश में 33 नए मामले सामने आए हैं और यह संख्या कोविड-19 के एक दिन में सामने आए मामलों की दूसरी सर्वाधिक संख्या है। तीन जुलाई को 37 लोग इस बीमारी से संक्रमित पाए गए थे।’’

Related Stories

उन्होंने बताया कि कैपिटल कॉम्प्लेक्स में नए मामलों में से 14 नहारलागुन के ई-सेक्टर में एक अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स से सामने आए हैं। जम्पा ने कहा, ‘‘दो साल के बच्चे समेत 11 और लोग नहारलागुन के ई-सेक्टर में कोरोना वायरस के पहले मरीज के संपर्क में आए थे। यह बच्चा पहले संक्रमित पाए गए कोविड-19 मरीज का रिश्तेदार है।’’

उन्होंने बताया कि टोमो रिबा इंस्टिट्यूट ऑफ हेल्थ एंड मेडिकल साइंसेज (टीआरआईएचएमएस) के दो चिकित्सा कर्मी और स्वास्थ्य सेवा निदेशालय का एक कर्मी कैपिटल कॉम्प्लेक्स क्षेत्र में इस बीमारी से पीड़ित पाया गया। अधिकारी ने बताया कि चांगलांग जिले में कोरोना वायरस के तीन में से दो मरीज कर्नाटक से लौटे थे और एक अन्य मरीज मियाओ पृथक केंद्र में स्वास्थ्य कर्मी है।

जम्पा ने बताया कि नमसई के दो मरीज हाल ही में गुजरात और पश्चिम बंगाल से लौटे थे। उन्होंने कहा, ‘‘कैपिटल कॉम्प्लेक्स क्षेत्र के आठ नए मरीजों को कोरोना वायरस संक्रमण के लक्षण थे जबकि अन्य को लक्षण नहीं थे।’’ उन्हें कोविड देखभाल केंद्र में भर्ती कराया गया है। क्षेत्र में कोरोना वायरस के मामले बढ़ने के बाद छह जुलाई को कैपिटल कॉम्प्लेक्स में एक हफ्ते का पूर्ण लॉकडाउन लगाया गया था।

कैपिटल कॉम्प्लेक्स क्षेत्र में अभी तक 114 मामले सामने आए हैं जो सर्वाधिक हैं। इसके बाद चांगलांग में 38, वेस्ट कामेंग में 19, नमसई में 13 और लोअर सुबनसिरी में 12 मामले सामने आए हैं। अभी राज्य में 213 लोग संक्रमित हैं और 120 लोग स्वस्थ हो चुके हैं तथा दो लोगों की मौत हो चुकी है। जम्पा ने बताया कि राज्य में अभी तक 29,834 नमूनों की जांच की गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत