1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. शताब्दी से महंगा होगा तेजस ट्रेन का सफर, मिलेंगी अत्याधुनिक सुविधाएं

शताब्दी से महंगा होगा तेजस ट्रेन का सफर, मिलेंगी अत्याधुनिक सुविधाएं

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 04, 2016 06:13 pm IST,  Updated : Sep 04, 2016 06:13 pm IST

भारत में सुविधाजनक ट्रेनों का एक नया युग आने ही वाला है। रेलवे जल्द ही तेजस नाम से नई ट्रेनें चलाने जा रहा है जिनमें हवाई जहाजों जैसी सुविधाएं दी जाएंगी। इन ट्रेनों में वाई-फाई, बेहतरीन खाना और एलसीडी स्क्रीन के अलावा भी ढेर सारी सुविधाएं होंगी।

ऐसी होगी नई तेजस...- India TV Hindi
ऐसी होगी नई तेजस ट्रेन। (फोटो: PTI)

नई दिल्ली: भारत में सुविधाजनक ट्रेनों का एक नया युग आने ही वाला है। रेलवे जल्द ही तेजस नाम से नई ट्रेनें चलाने जा रहा है जिनमें हवाई जहाजों जैसी सुविधाएं दी जाएंगी। इन ट्रेनों में वाई-फाई, बेहतरीन खाना और एलसीडी स्क्रीन के अलावा भी ढेर सारी सुविधाएं होंगी। तेजस ट्रेनों में आप परिचालक को बटन दबाकर बुला पाएंगे। इस ट्रेन की यात्रा निश्चित रूप से आपको वर्ल्ड क्लास का ट्रेवल एक्सपीरियंस देगी। लेकिन, इस ट्रेन में यात्रा करने के लिए आपको अपनी जेब थोड़ी ढीली करनी होगी।

बात दरअसल यह है कि प्रीमियर शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन के किराए के मुकाबले तेजस ट्रेन में यात्रा करने करने वाले यात्रियों को 20 से 30 प्रतिशत ज्यादा पैसे चुकाने पड़ेंगे। ट्रेन में अन्य सुविधाओं के अलावा साफ-सुथरा शौचालय तो होगा ही, इसकी खूबसूरती का भी खास ध्यान रखा जाएगा। इस ट्रेन में कई अत्याधुनिक सुविधाओं का इस्तेमाल किया जाएगा जिनमें कुछ सुविधाएं तो ऐसी हैं जिनका भारतीय रेल में पहली बार उपयोग किया जाएगा।

तेजस ट्रेन को दिल्ली-लखनउ मार्ग पर रोजाना चलाए जाने की संभावना है। इस ट्रेन में एग्जिक्युटिव क्लास और चेयर कार की सुविधाएं होंगी। डिब्बे के बाहरी दीवार पर उगते हुए सूरज की आकृति होगी जबिक इसके बैकग्राउंड का रंग सुनहरा होगा। इस ट्रेन के हरेक कोच में 22 नई सुविधाएं होंगी जैसे हर यात्री के लिए अलग से एलसीडी स्क्रीन और हेडफोन की व्यवस्था की गई है। इस एलसीडी स्क्रीन पर यात्रा और सुरक्षा संबंधी सूचनाएं भी समय-समय पर दी जाएंगी। 

ट्रेन में मिलने वाली अन्य सुविधाओं की बात करें तो बायो वैक्यूम शौचालयों में जलस्तर को बताने वाले इंडिकेटर, सेंसर से चलने वाले नल और हैंड ड्रायर होंगे। इसके साथ ही ब्रेल लिपि में सूचना दी जा सकेगी। इसमें चाय काफी और कोल्ड ड्रिंक की वेंडिंग मशीन होगी तथा मैगजीन और ब्रेकफस्ट टेबल की भी सुविधा मौजूद होगी। तेजस ट्रेन के डिब्बे कपूरथला के रेल कोच कारखाने में तैयार किए जा रहे हैं। इसमें सीसीटीवी, आग और धुंए का पता लगाने वाले उपकरणों के साथ ही इनके शमन की सुविधा भी मौजूद होगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत