श्रीनगर: आतंकवादियों ने श्रीनगर के जदीबाल इलाके में आज 2 पुलिस कर्मियों को गोली मार दी जिससे उनकी मौत हो गई। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आतंकवादियों ने जदीबाल इलाके के मिल स्टॉप पर दो पुलिसकर्मियों को नजदीक से गोली मार दी। जदीबाल श्रीनगर को हजरतबल दरगाह और सौरा स्थित सुपर स्पेशियलिटी एसकेआईएमएस अस्पताल से जोड़ता है।
उन्होंने बताया कि दोनों पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान सहायक उप निरीक्षक गुलाम मोहम्मद और हेड कॉन्स्टेबल नजीर अहमद के तौर पर हुई है। दोनों ही जदीबल पुलिस थाने में पदस्थ थे।
हमले के बाद भाग निकले हमलावरों की तलाश की जा रही है और पुलिस तथा अन्य सुरक्षा बलों को अलर्ट पर रखा गया है।
जदीबाल में करीब तीन साल बाद यह पहला आतंकी हमला है। ऐसा पिछला हमला 22 जून 2013 को हुआ था जब हरिसिंह हाई स्ट्रीट पर दो पुलिसकर्मियों की गोली मार कर उनकी जान ले ली गई थी।
इस बीच जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने आज कहा कि नगर में पुलिसकर्मियों पर हमला चिंताजनक घटनाक्रम है और सरकार को तेजी से यहांं के निवासियों और पर्यटकों को आश्वस्त करना चाहिए । उमर ने ट्वीट किया, श्रीनगर में पुलिसकर्मियों पर हमला चिंताजनक घटनाक्रम है ।