1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. राहुल की ताजपोशी से पहले बोले नायडू, सोनिया बिना पार्टी बिखर जाएगी

राहुल की ताजपोशी से पहले बोले नायडू, सोनिया बिना पार्टी बिखर जाएगी

 Written By: India TV News Desk
 Published : May 22, 2016 02:49 pm IST,  Updated : May 22, 2016 02:49 pm IST

राहुल गांधी की ताजपोशी की अटकलों के बीच केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू ने कहा कि सोनिया गांधी पार्टी को एकजुट रखने वाली हैं और उनके बिना पार्टी बिखर जाएगी।

venkaiah naidu- India TV Hindi
venkaiah naidu

दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर राहुल गांधी की ताजपोशी की अटकलों के बीच केंद्रीय मंत्री एम वेंकैया नायडू ने रविवार को कहा कि सोनिया गांधी पार्टी को एकजुट रखने वाली हैं और उनके बिना पार्टी बिखर जाएगी। नायडू ने कहा, नेतृत्व उनका आंतरिक मामला है। मैं केवल इतना कह सकता हूं, सोनियाजी की वजह से कांग्रेस संगठित है। अन्यथा यह बिखर गई होती। यह मेरी राय है हालांकि मैं वंशवाद को मंजूर नहीं करता।

संसदीय कार्य मंत्री ने एक इंटरव्यू में कहा, लोकतंत्र में वंशवाद (डाइनेस्टी) खतरनाक (नेस्टी) है लेकिन खासतौर पर कांग्रेस और उसके समर्थकों के कुछ लोगों के लिए यह स्वादिष्ट (टेस्टी) है। हालांकि वास्तविकता को स्वीकार करना होगा। सोनिया कांग्रेस पार्टी को एकजुट रखे हुए हैं। चार राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी के नतीजों का उल्लेख करते हुए नायडू ने कहा, लेकिन एक नेता के तौर पर उनका नेतृत्व सफल नहीं रहा। आपने यह देखा है।

हार के बाद आत्मनिरीक्षण के सोनिया गांधी के आह्वान के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, यह हमारी चिंता नहीं है, यह उन्हें देखना है। उन्हें आत्मनिरीक्षण करना चाहिए। यह नीति का प्रश्न नहीं है। यह प्रयास का प्रश्न है। उन्हें अपने तरीके और नीतियों को नए सिरे से देखना चाहिए और उसे बेहतर तरीके से करना चाहिए।

राहुल गांधी का कद बढ़ने के बारे में सवालों का जवाब देते हुए नायडू ने कहा कि कांग्रेस उपाध्यक्ष पहले ही व्यावहारिक रूप से पार्टी चला रहे हैं। उन्होंने कहा, इस बारे में कोई संदेह नहीं है। अगर वह बड़ी भूमिका पाते हैं या पार्टी के अध्यक्ष बन जाते हैं या विपक्ष के नेता भी बन जाते हैं या संसद में कांग्रेस पार्टी के नेता बन जाते हैं तो क्या दिक्कत है। कोई समस्या नहीं है।

नायडू ने कहा, वह कामकाज देख ही रहे हैं। मेरी जानकारी में पिछले 12 साल से वह देख रहे हैं। तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह एक अध्यादेश लाना चाहते थे। उन्होंने (राहुल ने) इसे फाड़ दिया और फेंक दिया और उनकी बात चली। अगर वे उन्हें नेता बनाना चाहते हैं, तो उन्हें शुभकामनाएं। मुझे कोई समस्या नहीं है। आखिरकार वह युवा हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत