1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Mumbai Rains: मुंबई में काल बनकर आई बारिश, मलाड, कल्याण और पुणे में दीवार गिरने से 25 लोगों की मौत

Mumbai Rains: मुंबई में काल बनकर आई बारिश, मलाड, कल्याण और पुणे में दीवार गिरने से 25 लोगों की मौत

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jul 02, 2019 07:56 am IST,  Updated : Jul 02, 2019 08:49 am IST

महाराष्ट्र में मुंबई और आसपास के इलाकों में भारी बारिश की वजह से हादसे देखने को मिल रहे हैं। बारिश की वजह से मुंबई के मलाड, कल्याण और पुणे में दीवारें गिरने से 25 लोगों की मौत हो गई।

Wall collapse in Malad and pune- India TV Hindi
Wall collapse in Malad and pune

मुंबई: महाराष्ट्र में मुंबई और आसपास के इलाकों में भारी बारिश की वजह से हादसे देखने को मिल रहे हैं। बारिश की वजह से मुंबई के मलाड, कल्याण और पुणे में दीवारें गिरने से 25 लोगों की मौत हो गई। मलाड में हुए हादसे में 16, कल्याण में तीन और पुणे में दीवार गिरने की वजह से 6 लोगों की मौत हुई है। वहीं, मौसम विभाग का अनुमान है कि मुंबई में 2 और 3 जुलाई को भी भारी बारिश देखने को मिल सकती है।

मालाड में दीवार गिरी, 16 की मौत

मलाड ईस्ट के अंबेडकर नगर में ये हादसा हुआ। बारी बारिश की वजह से यहां 25 फीट लंबी कंपाउंड वॉल गिरने से 16 लोगों की मौत हुई है। इसकी जानकारी सोमवार की रात करीब 2 बजे मिली। जिसके बाद NDRF की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरु किया लेकिन तब तक 16 लोगों की जान जा चुकी थी। दरअसल, इस 25 फीट लंबी दीवार ने करीब 40 झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया था, जिससे इतनी बड़ी संख्या में लोग मारे गए। हादसे में करीब 50 लोग घायल भी हैं।

सीएम ने किया मुआवजे का ऐलान

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मलाड में दीवार गिरने से मरने वाले लोगों के लिए दुख जाहिर किया और मुआवजे का भी ऐलान किया। सीएम फडणवीस ने कहा कि “ये जानकर बहुत दुख हुआ कि मलाड में दीवार गिरने लोगों की मौत हो गई। मेरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्यारों को खो दिया और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये दिए जाएंगे।”

कल्याण में स्कूल की दीवार गिरी, तीन की मौत

कल्याण हो रही लगातार बारिस की वजह से सोमवार रात करीब 12:30 बजे नेशनल उर्दू हाई स्कूल की कंपाउंड वॉल पास वाली बस्ती के घरों पर गिर गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि कई लोग घायल हो गए। बता दें कि कुछ घायलों का इलाज रुक्मिणी बाई हास्पिटल में चल रहा है। बता दें कि जहां ये हादसा हुआ वह इलाका कल्याण के बाजार पेठ पुलिस की हद में आता है।

पुणे में भी दीवार गिरी, 6 लोगों की गई जान

पुणे में भी भीषण हादसा हुआ है। यहां दीवार गिरने से 6 मज़दूरों की मौत हो गई जबकि दो मज़दूर बुरी तरह घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है। ये हादसा पुणे के सिंहगड इंस्टीट्यूट के नज़दीक दीवार गिरने से हुआ। दरअसल दीवार मज़दूरों की झुग्गियों पर गिर गई जिसमें दबकर 4 मज़दूरों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो मज़दूरों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। 

हालांकि, अभी भी कुछ मज़दूरों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है लिहाज़ा रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। फायर ब्रिगेड की टीम ऑपरेशन में जुटी है। सोमवार रात से चल रही भीषण बारिश के कारण दीवार गिरने की आशंका जताई जा रही है। बता दें कि अभी तीन दिनों पहले भी पुणे में दीवार गिर गई थी जिसमें कई कारों को नुकसान पहुंचा था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत