नई दिल्ली: केन्द्रीय शहरी विकास राज्य मंत्री बाबुल सुप्रियो का कहना है कि वह राजनीति भले ही छोड देंगे, लेकिन दूसरी पार्टियों के फंक्शन में न गाने जैसा सस्ता हथकंडा कभी नहीं अपनाएंगे। बता दें कि बाबुल सुप्रियो शुक्रवार रात दिल्ली में एक सडक हादसे में घायल होने के बाद इस वक्त अस्पताल में हैं। रजत शर्मा के शो 'आपकी अदालत' के लिए ये रिकॉर्डिंग एक दिन पहले हुई थी। इस शो का टेलीकास्ट इंडिया टीवी पर शनिवार रात 10 बजे होगा।
ये पूछे जाने पर कि तृणमूल कांग्रेस के स्थापना दिवस समारोह में गाने की क्या जरूरत थी, बाबुल सुप्रियो ने कहा- "मैं उस दिन कोलकाता में था। मुझे कोलकाता के मेयर ने व्यक्तिगत रूप से बुलाया था। अचानक लोगों के बीच से मांग उठी कि मैं गाना गाऊं और मैने स्टेज से गाया भी।"
उन्होंने कहा, "बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के फंक्शन्स में मेरे गाने वैसे भी बजाए जाते हैं। ममता दीदी मेरा संगीत सुनती हैं। अब मेरे श्रोता मेरे सामने बैठे हैं, और मैं मना कर दूं कि ये लोग तृणमूल के हैं, और मैं नहीं गाऊंगा? बाबुल सुप्रियो कितना ओछा नज़र आएगा। मैं ये सब नहीं करने वाला। जिस दिन मैं ऐसा करने लगूंगा, मेरे लिए बेहतर होगा कि मैं राजनीति छोड दूं, खुद को असफल मान लूं, और संगीत की दुनिया में लौट जाऊं। मेरे लिए कोई समस्या नहीं।"
बाबुल सुप्रियो ने कहा- "मैं अलग कल्चर में विश्वास रखता हूं। हमारे प्रधानमंत्री जी कहते हैं - सबका साथ, सबका विकास। हम मैदान में राजनीति करते हैं, लेकिन सरकारी कामकाज में राजनीति के नाम पर विकास में रुकावट नहीं आनी चाहिए।" "ममता बनर्जी ने मोदीजी को बधाई देने में 11 महीने लगा दिए। इन 11 महीनों में उनका कोई भी मंत्री केन्द्र में किसी मंत्री से न तो मिला और न वे मीटिंग में आए। केन्द्र में एकमात्र बंगाली मंत्री होने के नाते मुझे बहुत दुख हुआ कि जितना वक्त दीदी ज़ाया कर रही है कांग्रेच्यूलेट करने में, अब तो राजनीतिक लडाई खत्म हो गई, मोदीजी निर्वाचित प्रधानमंत्री हैं और वो मुख्यमंत्री हैं, उनके बीच इन्टरएक्शन नहीं होगी तो तकलीफ किसको होगी, बताइये- राजा राजा में युद्ध हो रहा और मर रही आम जनता, ये नहीं होना चाहिए।"
रजत शर्मा द्वारा ये पूछे जाने पर कि एक तरफ तो बीजेपी के लोगों को बंगाल में पीटा जा रहा है और वह ममता दीदी के साथ सड़क किनारे झालमुडी खा रहे हैं, बाबुल सुप्रियो ने कहा- "ये सवाल रुपा गांगुली ने ऑन-एय़र पूछा था। दीदी के साथ गाड़ी में बैठकर मेहरबानी क्यों मांगूं। हम लडके लेंगे हिन्दुस्तान में विश्वास करते हैं। सेल्फ-डिफेन्स हमारा फंडामेन्टल राइट है। कोई भी हमें मारे हम उलटा पलटवार करेंगे। उनका खून नहीं करेंगे, रक्तपात नहीं करेंगे, जैसा सीपीएम, तृणमूल ने किय़ा, लेकिन रहम मांगे कि पार्टी के लोगों को न पीटें, ऐसा मैं बिल्कुल नहीं करने वाला हूं। मैं अपने स्टैंड पर कायम हूं। लड़ कर लेंगे बंगाल। मैं उनसे राजनीतिक लड़ाई जीतना चाहता हूं मैदान में, गाडी में बैठकर अकेले में रहम नहीं मांगने वाला हूं।"
बंगाल में विधानसभा चुनावों के नतीजों की संभावनाओं के बारे में पूछे जाने पर बाबुल सुप्रियो ने साफ-साफ कुछ नहीं कहा। जब रजत शर्मा ने कहा कि बंगाल में तृणमूल के फिर से सत्ता में आने की संभावना है, बाबुल ने उत्तर दिया - "मैं हवा में बिलीव नहीं करता हूं। खेलने के लिए हम मैदान में उतरे हैं, हम सिर्फ जीत की सोचते हैं। मैं समझता हूं बंगाल में इस वक्त जो राजनितिक समीकरण है, कांग्रेस सीपीएम का साथ आ जाना, केरल में कुश्ती, बंगाल में दोस्ती, आइडियोलोजिकल कोई सेटअप तो है नहीं, अवसरवादी राजनिति जो दोनों साथ में आए, लेकिन अगर मैं कहूं कि कांग्रेस-सीपीएम के साथ आने से बंगाल में मेथेमेटिक चेंज नहीं होंगे, तो मैं गलत बोलूंगा। इसलिए मैं समझता हूं बहुत जटिल स्थिति है। हम 19 तारीख तक बडे इत्मीनान से विनम्रतापूर्वक इंतजार कर रहे है। आज ममता दीदी पहले से ये बोल रही हैं हमको तो 100 परसेंट मेजोरिटी मिलने वाली है, तो लोगों को शक होगा कि छाप्पा बोट यानी बूथ कैप्चरिंग का इल्जाम तृणमूल पर लगते हैं, दीदी ने वो बहुत अच्छे से करवाई है, इसलिए पहले से बोल रही हैं। मैं दीदी को भी कहूंगा इतना अपने आपको एक्सपोज़ मत कीजिए, अगर आपको लगता है आपने किया तो थोडा चुप रहिए, देखिए 19 को आगे क्या होता है। मैं उनसे धीरज रखने को कह रहा हूं।"
बाबुल सुप्रियो ने बताया कैसे योग गुरु स्वामी रामदेव के साथ हवाई जहाज में अचानक मुलाकात के बाद उन्हें बीजेपी का टिकट मिल गया। उन्होंने कहा, "मैं स्वामी रामदेव के पास बैठा था और कपाल भाति को लेकर मजाक कर रहा था। मैंने देखा गुरुजी कुछ नामों की लिस्ट देख रहे थे। मैंने पूछा, क्या है। गुरुजी ने कहा कि अच्छे लोगों को चुनाव में उतारना है। मैंने फौरन कहा, मैं अच्छा आदमी हूं। गुरुजी ने अपने सेक्रेटरी से मेरा फोन नम्बर नोट करने को कहा। एक हफ्ते बाद फोन आया कि क्या आप चुनाव लड़ना चाहते हैं। मुझे चुना गया, और मुझे पता तब चला जब मैं कोलकाता में एक अवार्ड्स फंक्शन से बाहर आ रहा था।"
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के इस आरोप पर कि उन्हें पार्लियामेंट में बोलने नहीं दिया जाता, बाबुल सुप्रियो ने कहा- " अगर राहुल ऐसा कहते हैं, तो वो गलत हैं। ये हमारे इन्टेलीजेन्स पर हमला है। राहुल गांधी जितना ज्यादा बोलेंगे, उतना हमारे लिए फायदा है।"
बाबुल सुप्रियो के साथ रजत शर्मा का शो ‘आपकी अदालत’ आज शनिवार रात 10 बजे इंडिया टीवी पर देख सकते हैं। इस शो को रविवार दिन के 10 बजे और रात 10 बजे भी दिखाया जायेगा।