1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. फास्ट फूड ने ली जान: मना करने पर भी खाती थी चाऊमिन, पिज्जा-बर्गर, 11वीं की छात्रा ने दम तोड़ा, आंतों में हो गए थे छेद

फास्ट फूड ने ली जान: मना करने पर भी खाती थी चाऊमिन, पिज्जा-बर्गर, 11वीं की छात्रा ने दम तोड़ा, आंतों में हो गए थे छेद

 Reported By: Shoaib Raza Edited By: Khushbu Rawal
 Published : Dec 23, 2025 02:24 pm IST,  Updated : Dec 23, 2025 02:24 pm IST

16 साल की अहाना अमरोहा के हाशमी गर्ल्स इंटर कॉलेज में 11वीं की छात्रा थी और परिवार में सबसे छोटी बेटी थी। उसकी आंतें आपस में चिपक गई थी और उनमें कई जगह छेद हो चुके थे। डॉक्टरों ने फास्ट फूड को ही आंतों के खराब होने की मुख्य वजह बताया है।

girl died due to fast food- India TV Hindi
मृतक छात्रा की फाइल फोटो। Image Source : REPORTER INPUT

यूपी के अमरोहा में फास्ट फूड खाने का शौक एक 11वीं की छात्रा की जान पर भारी पड़ गया। चाऊमीन, मैगी, पिज्जा और बर्गर जैसे फास्ट फूड के अत्यधिक सेवन से छात्रा की आंतें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं, उनमें छेद हो गए। हालत गंभीर होने पर उसे दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मना करने के बाद भी खाती थी फास्ट फूड

मृतक छात्रा अहाना (16) अमरोहा नगर के मोहल्ला अफगानान निवासी किसान मंसूर खान की बेटी थी। वह शहर के हाशमी गर्ल्स इंटर कॉलेज में कक्षा 11 की छात्रा थी और परिवार में सबसे छोटी बेटी थी। परिवार में मां सारा खान, एक भाई और दो बहने हैं। परिजनों के अनुसार अहाना को फास्ट फूड खाने की आदत थी। मना करने के बावजूद वह अक्सर चाऊमीन, मैगी, पिज्जा और बर्गर का सेवन करती रहती थी। सितंबर माह में उसकी तबीयत बिगड़नी शुरू हुई और पेट में तेज दर्द रहने लगा।

आपस में चिपक गई थीं आंतें

30 नवंबर को परिजन उसे मुरादाबाद के एक प्राइवेट अस्पताल ले गए, जहां जांच में सामने आया कि उसकी आंतें आपस में चिपक गई हैं और उनमें कई जगह छेद हो चुके हैं। डॉक्टरों ने आंतों की खराब हालत का मुख्य कारण लगातार फास्ट फूड का सेवन बताया। छात्रा का ऑपरेशन किया गया, जो सफल रहा। करीब 10 दिन बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, लेकिन उसकी सेहत में लगातार गिरावट आती रही। चार दिन पहले हालत फिर बिगड़ने पर परिजन उसे दिल्ली एम्स ले गए।

डॉक्टरों ने फास्ट फूड को बताया मुख्य वजह

परिजनों के मुताबिक एम्स में इलाज के दौरान उसकी हालत में कुछ सुधार हुआ था और वह चलने-फिरने भी लगी थी, लेकिन रविवार रात अचानक तबीयत बिगड़ गई और हार्ट फेल होने से उसकी मौत हो गई। अहाना के मामा गुलजार खान उर्फ गुड्डू ने बताया कि डॉक्टरों ने फास्ट फूड को ही आंतों के खराब होने की मुख्य वजह बताया है। होनहार छात्रा की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजन गहरे सदमे में हैं।

यह भी पढ़ें-

शादी समारोह में अलाव ताप रहे 2 बच्चे आग की चपेट में आए, जलते हुए सड़क पर दौड़े; CCTV फुटेज वायरल

फास्ट फूड का सेवन है कई गंभीर बीमारियों की वजह, बाबा रामदेव से जानें शरीर कैसे होगा सेहतमंद?

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत