1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कब तक पूरी होगी एयर इंडिया विमान हादसे की जांच? 250 से ज्यादा लोगों की हुई थी मौत, सामने आया बड़ा अपडेट

कब तक पूरी होगी एयर इंडिया विमान हादसे की जांच? 250 से ज्यादा लोगों की हुई थी मौत, सामने आया बड़ा अपडेट

 Reported By: Atul Bhatia Written By: Subhash Kumar
 Published : Jul 15, 2026 01:02 pm IST,  Updated : Jul 15, 2026 01:14 pm IST

एयर इंडिया विमान हादसे की जांच कब तक पूरी होगी इसकी जानकारी सामने आ गई है। AAIB ने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दायर किया है और कहा है कि तय किए गए सभी चरणों का पालन करते हुए जांच की जा रही है।

ahmedabad air india crash investigation- India TV Hindi
अहमदाबाद एयर इंडिया प्लेन क्रैश। (फाइल फोटो) Image Source : PTI

गुजरात के अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया विमान हादसे की जांच अगले करीब 6 हफ्तों में पूरी होने की संभावना है। इसके बाद हादसे की जांच पर ड्राफ्ट फाइनल रिपोर्ट अक्टूबर 2026 तक तैयार हो जाएगी। यह जानकारी एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) ने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल अपने हलफनामे में दी है। AAIB ने कहा है कि हादसे की जांच के लिए तय किए गए सभी चरणों का सही तरीके से पालन किया जा रहा है।

अक्टूबर 2026 तक ड्राफ्ट फाइनल रिपोर्ट

AAIB ने अपने अपने हलफनामे में कहा है कि हादसे की गंभीरता, बड़े पैमाने और तकनीकी जटिलता को देखते हुए जांच का समय तय किया गया है। अगर बाकी एजेंसियों से जुड़ी जरूरी प्रक्रियाएं समय पर पूरी हो जाती हैं, तो जांच अगले लगभग 6 हफ्तों में पूरी कर ली जाएगी। इसके बाद सभी तथ्यों और तकनीकी जांच के आधार पर अक्टूबर 2026 तक ड्राफ्ट फाइनल रिपोर्ट तैयार की जाएगी।

इमेज या ऑडियो रिकॉर्डिंग सार्वजनिक नहीं हो सकते- AAIB 

सुप्रीम कोर्ट में दायर हलफनामे में AAIB ने यह भी कहा कि भारतीय कानून के तहत विमान हादसे की जांच के लिए तय सभी 10 चरणों का पूरी तरह पालन किया जा रहा है। जांच पूरी तरह नियमों के मुताबिक आगे बढ़ रही है। AAIB ने सुप्रीम कोर्ट को बताया कि कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (CVR) की ऑडियो रिकॉर्डिंग और विमान में मौजूद अन्य इमेज या ऑडियो रिकॉर्डिंग को सार्वजनिक नहीं किया जा सकता। ब्यूरो ने कहा कि ऐसा करना कानून के तहत पूरी तरह प्रतिबंधित है। AAIB के मुताबिक, यह नियम इसलिए बनाए गए हैं ताकि गवाह बिना किसी दबाव के सच बता सकें, जांच एजेंसियां स्वतंत्र रूप से काम कर सकें, हादसे की निष्पक्ष जांच प्रभावित न हो और भारत अपने अंतरराष्ट्रीय दायित्वों का भी पालन कर सके।

कैसे हुआ था हादसा?

AAIB की ओर से अहमदाबाद प्लेन क्रैश की जांच काफी समय से की जा रही है। सरकार ने भी AAIB की जांच पर भरोसा जताया था। बता दें कि प्लेन क्रैश को लेकर AAIB की जांच नें ये बात सामने आई थी कि विमान के टेकऑफ के कुछ ही सेकंड बाद इंजन फ्यूल कंट्रोल स्विच बंद हो गए थे।

कितने लोगों की मौत हुई थी?

आपको बता दें कि जून 2025 में एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या AI-171 ने अहमदाबाद से लंदन जाने के लिए उड़ान भरी थी। हालांकि, विमान टेकऑफ के कुछ ही देर बाद क्रैश हो गया। विमान एयरपोर्ट से कुछ ही दूरी पर स्थित एक मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल से टकरा गया था। जानकारी के अनुसार, इस हादसे में विमान में सवार 242 में से 241 यात्रियों और क्रू के सदस्यों की मौत हो गई थी। इसके अलावा मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में भी 19 लोगों की मौत हुई थी।

ये भी पढ़ें- Air India Plane Crash: अहमदाबाद प्लेन क्रैश पर इटली से आई खबर का खंडन, मंत्री बोले- हादसे की जांच जारी

'सभी विमानों के इंजन स्विच फ्यूल सिस्टम को चेक करो', DGCA का बड़ा फैसला, 21 जुलाई तक जांच पूरी करने को कहा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत