ओडिशा के मालकानगिरी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां खेलते-खेलते 3 साल के बच्चे का सिर स्टील के बर्तन में फंस गया। इसके बाद बच्चा रोने लगा। काफी प्रयास करने के बाद भी बच्चे का सिर बाहर नहीं निकाला जा सका। इसके बाद परिजन बच्चे को लेकर फायर स्टेशन पहुंचे। यहां करीब 2 घंटे तक चली मशक्कत के बाद आखिरकार फायर ब्रिगेड की टीम ने कटर से बर्तन काटकर बच्चे की जान बचाई। फायर ब्रिगेड के अधिकारियों ने अभिभावकों को चेतावनी दी है कि छोटे बच्चों को घर में नए सामानों के साथ खेलने देते समय सावधानी बरतें, क्योंकि इस तरह की घटनाएं कुछ ही मिनटों में खतरनाक रूप ले सकती हैं।
पूरा मामला कोरुकोण्डा गांव का है। यहां के प्रदीप बिश्वास शनिवार सुबह बाजार से एक नया स्टील का बर्तन खरीदकर लाए थे। घर पहुंचने के बाद उनका तीन साल का बेटा तन्मय बर्तन से खेलने लगा। खेलते-खेलते उसने अपना सिर बर्तन के अंदर डाल दिया। जैसे ही उसने अपना सिर निकालने की कोशिश की तो सिर बर्तन में ही फंस गया। इसके बाद परिजनों ने खुद से बर्तन को निकालने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हुए। घबराए माता-पिता तुरंत बच्चे को लेकर कोरुकोण्डा फायर स्टेशन पहुंचे। यहां दमकलकर्मियों ने स्थिति की गंभीरता देखते हुए बच्चे को मालकानगिरी मुख्य फायर स्टेशन भेज दिया।
मालकानगिरी मुख्य फायर स्टेशन पर पहुंचने के बाद तुरंत एक टीम तैयार की गई। इसके बाद बच्चे के सिर को बाहर निकालने के लिए करीब 2 घंटे तक ऑपरेशन चलाया गया। इसके बाद आखिरकार फायर ब्रिगेड के कर्मियों ने खास कटर की मदद से स्टील का बर्तन काटकर बच्चे का सिर सुरक्षित बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि बच्चे को कोई गंभीर चोट नहीं आई और वह पूरी तरह सुरक्षित है। इस घटना के बाद ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। यदि समय पर यह मदद नहीं मिलती, तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। (इनपुट- शुभम कुमार)
संपादक की पसंद