Thursday, March 12, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. चारधाम यात्रा की बड़ी खबर: कब खुलेंगे केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम के कपाट? जान लीजिए तारीख

चारधाम यात्रा की बड़ी खबर: कब खुलेंगे केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम के कपाट? जान लीजिए तारीख

Edited By: Kajal Kumari @lallkajal Published : Feb 26, 2025 01:05 pm IST, Updated : Feb 26, 2025 01:24 pm IST

गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट 30 अप्रैल को अक्षय तृतीया के पर्व पर खुलेंगे, तो वहीं केदारनाथ धाम और बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने की भी तारीख सामने आ गई है। जानें कब खुलेंगे कपाट?

केदारनाथ बद्रीनाथ धाम से जुड़ी बड़ी खबर- India TV Hindi
केदारनाथ बद्रीनाथ धाम से जुड़ी बड़ी खबर

उत्तराखंड में उच्च गढ़वाल हिमालयी क्षेत्र में स्थित केदारनाथ धाम मंदिर के कपाट शीतकाल में करीब छह माह बंद रहने के बाद श्रद्धालुओं के लिए फिर से खोले जाएंगे और इसकी तारीख भी सामने आ गई है। इसके साथ ही बद्रीनाथ धाम के कपाट खोलने की भी तिथि का ऐलान कर दिया गया है। केदारनाथ धाम मंदिर के कपाट जहां दो मई को खोल दिए जाएंगे तो वहीं बद्रीनाथ धाम के कपाट चार मई को खुलेंगे । श्री बदरीनाथ—केदारनाथ मंदिर समिति के मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल ने ये जानकारी दी है।

धर्माचार्यों ने मिलकर तय की कपाट खुलने की तारीख

थपलियाल ने बताया कि महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर बाबा केदार के शीतकालीन गद्दीस्थल उखीमठ के ओंकारेश्वर मंदिर में परंपरागत रूप से पूजा-अर्चना करने के बाद धर्माचार्य वेदपाठियों ने पंचाग गणना कर केदारनाथ मंदिर के कपाट खोले जाने का मुहूर्त निकाला है। इस परंपरागत पूजा अर्चना के लिए ओंकारेश्वर मंदिर को फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था। इस आयोजन में  केदारनाथ मंदिर के मुख्य पुजारी रावल भीमाशंकर लिंग, केदारनाथ की विधायक आशा नौटियाल, मंदिर समिति के पदाधिकारियों और धर्माधिकारियों के अलावा सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु भी मौजूद थे।

अप्रैल में खुल जाएंगे गंगोत्री यमुनोत्री धाम के कपाट

बता दें कि गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने की तारीख पहले ही बता दी गई है जिसके मुताबिक दोनों धाम के कपाट 30 अप्रैल को अक्षय तृतीया के अवसर पर खुलेंगे। थपलियाल ने बताया कि द्वादश ज्योर्तिलिंगों में से एक केदारनाथ मंदिर के कपाट दो मई, शुक्रवार को मिथुन राशि और वृष लग्न में सुबह सात बजे श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे, जबकि बद्रीनाथ धाम के कपाट चार मई को खोले जाएंगे।। केदारानाथ मंदिर के कपाट खुलने का मुहूर्त निकलने के साथ ही गढ़वाल हिमालय के चारों धामों के खुलने की तिथि तय हो गयी है। 

(इनपुट-भाषा)

Latest India News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत

Advertisement
Advertisement
Advertisement