1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. जंगल में गश्त पर निकले फॉरेस्ट गार्ड की गोली मारकर हत्या, चार शिकारियों को पुलिस ने पकड़ा

जंगल में गश्त पर निकले फॉरेस्ट गार्ड की गोली मारकर हत्या, चार शिकारियों को पुलिस ने पकड़ा

 Edited By: Amar Deep
 Published : May 24, 2025 10:39 am IST,  Updated : May 24, 2025 10:43 am IST

ओडिशा के ढेंकानाल में एक फॉरेस्ट गार्ड की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। बताया जा रहा है कि वह जंगल में गश्त पर निकले हुए थे, तभी शिकारियों ने फायरिंग कर दी। गोली लगने से उनकी मौत हो गई।

फॉरेस्ट गार्ड की गोली मारकर हत्या।- India TV Hindi
फॉरेस्ट गार्ड की गोली मारकर हत्या। Image Source : INDIA TV

ढेंकानाल: ओडिशा के ढेंकानाल जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां वन्यजीवों की रक्षा करते हुए एक फॉरेस्ट गार्ड की दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना हिंदोल के जंगलों में उस समय हुई जब नियमित गश्त के दौरान वन विभाग की टीम पर शिकारियों ने अचानक हमला कर दिया। फॉरेस्ट गार्ड का नाम प्रह्लाद प्रधान था, जिनकी उम्र 37 साल थी। वो 13 लोगों की एक टीम के साथ गश्त पर निकले थे। रात करीब 3 बजे टीम पर हमला हुआ, जिसमें प्रह्लाद के पेट में गोली लगी। घायल अवस्था में उन्हें पहले हिंदोल सीएचसी ले जाया गया, जहां से उन्हें अंगुल जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

चार शिकारी गिरफ्तार

वहीं इस हमले के बाद वन विभाग की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चार शिकारियों को पकड़ लिया। उनके पास से हथियार भी जब्त किए गए हैं। बाकी हमलावर मौके से भाग निकले, जिनकी तलाश अब भी जारी है। ढेंकानाल के डीएफओ सुमित कुमार कर ने बताया, “हमारी टीम एक नियमित गश्त के लिए जंगल में गई थी। इसी दौरान शिकारियों के एक गिरोह ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसमें प्रह्लाद प्रधान घायल हो गए। उन्हें तुरंत इलाज के लिए ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। हमने चार शिकारियों को हिरासत में लिया है और पूछताछ जारी है।”

सर्च ऑपरेशन जारी

बता दें कि यह घटना न सिर्फ वन विभाग के सामने मौजूद खतरों को उजागर करती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि जंगलों की सुरक्षा में तैनात कर्मचारी कितने जोखिम भरे हालात में काम करते हैं। हिरासत में लिए गए शिकारियों से पूछताछ के जरिए यह जानने की कोशिश की जा रही है कि बाकी अपराधी कौन हैं और कहां छुपे हैं? वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम इलाके में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। (इनपुट- शुभम कुमार)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत