1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पूर्व चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ ने सरकारी आवास खाली किया, निर्धारित समय से ज्यादा रहने पर हुआ था विवाद

पूर्व चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ ने सरकारी आवास खाली किया, निर्धारित समय से ज्यादा रहने पर हुआ था विवाद

 Edited By: Niraj Kumar
 Published : Aug 02, 2025 05:15 pm IST,  Updated : Aug 02, 2025 05:15 pm IST

जस्टिस चंद्रचूड़, उनकी पत्नी कल्पना और बेटियां प्रियंका और माही पांच कृष्ण मेनन मार्ग, नयी दिल्ली स्थित सीजेआई के आधिकारिक आवास में रह रहे थे। प्रियंका और माही दोनों दिव्यांग हैं।

 DY Chandrachud - India TV Hindi
डीवाई चंद्रचूड़ Image Source : PTI

नई दिल्ली: देश के पूर्व चीफ जस्टिस डी.वाई. चंद्रचूड़ ने दिल्ली स्थित चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया का आधिकारिक आवास खाली कर दिया है। भारत के 50वें चीफ जस्टिस चंद्रचूड़ आठ नवंबर, 2024 को रिटायर हो गए थे। हाल में, नयी दिल्ली के 5, कृष्ण मेनन मार्ग स्थित चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया के आधिकारिक आवास पर उनके निर्धारित समय से अधिक वक्त तक रहने को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया था। जस्टिस चंद्रचूड़ ने सात जुलाई को पीटीआई को स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा था कि सामान बांध लिया गया है और वह अपनी पत्नी व बच्चों के साथ जल्द ही किराये पर सरकारी आवास में चले जाएंगे। 

पांच कृष्ण मेनन मार्ग स्थित आवास में रह रहे थे पूर्व चीफ जस्टिस

जस्टिस चंद्रचूड़, उनकी पत्नी कल्पना और बेटियां प्रियंका और माही पांच कृष्ण मेनन मार्ग, नयी दिल्ली स्थित सीजेआई के आधिकारिक आवास में रह रहे थे। प्रियंका और माही दोनों दिव्यांग हैं। जस्टिस चंद्रचूड़ ने बंगले में निर्धारित समय से अधिक वक्त तक रहने के कारणों को विस्तार से बताते हुए कहा था, “हमने वास्तव में अपना सामान बांध लिया है। हमारा सामान पहले ही पूरी तरह बांधा जा चुका है। कुछ सामान पहले ही नए घर में भेज दिया गया है और कुछ यहां भंडार कक्ष में रखा हुआ है।” 

निर्धारित समय से ज्यादा रहने की बताई थी ये वजह

वह सरकारी बंगले में कथित तौर पर निर्धारित अवधि से अधिक समय तक रहने के संबंध में सुप्रीम कोर्ट प्रशासन द्वारा केन्द्र सरकार को भेजे गए पत्र का जवाब दे रहे थे। पूर्व चीफ जस्टिस ने विवाद पर दुख जताया था और अपनी बेटियों की चिकित्सा स्थिति का हवाला दिया था, जिन्हें ‘व्हीलचेयर’ अनुकूल घर की आवश्यकता थी। 

किससे इजाजत लेकर सरकारी आवास में रह रहे थे पूर्व चीफ जस्टिस?

घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए जस्टिस चंद्रचूड़ ने कहा था कि सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने तत्कालीन चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया संजीव खन्ना से बात की थी, जो उनके उत्तराधिकारी बने थे, और उन्हें बताया था कि उन्हें 14, तुगलक रोड स्थित बंगले में लौटना है, जहां वह चीफ जस्टिस बनने से पहले रहते थे। जस्टिस खन्ना ने हालांकि जस्टिस चंद्रचूड़ को चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया के बंगले में ही रहने को कहा था, क्योंकि जस्टिस खन्ना आधिकारिक आवास में नहीं रहना चाहते थे। सुप्रीम कोर्ट प्रशासन ने एक जुलाई को केंद्र को पत्र लिखकर कहा था कि जस्टिस चंद्रचूड़ सीजेआई बंगले में अनुमति प्राप्त अवधि से अधिक समय तक रहे हैं और उसने संपत्ति खाली कराने की मांग की थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत