Vaibhav Sooryavanshi IPL Record : वैभव सूर्यवंशी ने एक आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में क्रिस गेल को पीछे छोड़ दिया है। राजस्थान रॉयल्स के सलामी बल्लेबाज वैभव ने आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ सात छक्के लगाकर गेल के आईपीएल 2012 में बनाए गए 59 छक्कों के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। 15 वर्षीय सूर्यवंशी ने इस मैच में 16 गेंदों में अर्धशतक भी जड़ा। मैच के दौरान लखनऊ स्टेडियम की विशाल स्क्रीन पर सूर्यवंशी को 'यूनिवर्स बेबी बॉस' कहा गया। इसके बाद से ही सोशल मीडिया पर 'यूनिवर्स बेबी बॉस' ट्रेंड करने लगा। गौरतलब है कि इससे पहले क्रिस गेल को उनकी परफॉर्मेंस के बाद 'यूनिवर्स बॉस' कहा गया था।
29 गेंदों पर जड़े 97 रन
बता दें कि, आज के मैच में वैभव सूर्यवंशी ने मात्र 16 गेंदों में अर्धशतक बनाया। यह आईपीएल नॉकआउट मैचों में संयुक्त रूप से सबसे तेज अर्धशतक है। सूर्यवंशी ने मात्र 29 गेंदों में 97 रन (12 छक्के और 5 चौके) बनाए। वह क्रिस गेल के आईपीएल में सबसे तेज शतक के सर्वकालिक रिकॉर्ड से सिर्फ एक शॉट पीछे रह गए।
क्रिकेट दिग्गजों ने दी प्रतिक्रिया
वैभव सूर्यवंशी की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के बाद सोशल मीडिया पर उनके वीडियोज तेजी से वायरल होने लगे। लगभग हर वीडियो में वैभव की तारीफ में जमकर कसीदे पढ़े गए। वैभव की बल्लेबाजी को और उनके पिछले रिकॉर्ड्स के लिए क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ियों ने भी जमकर सराहा। दिग्गज खिलाड़ी युवराज सिंह ने वैभव सूर्यवंशी की प्रतिभा की तारीफ की। एक्स पर उन्होंने लिखा कि, 'बॉस बेबी ने विश्व बॉस का रिकॉर्ड तोड़ दिया! अविश्वसनीय! इस बच्चे को खेलते देखना अद्भुत है! #अविश्वसनीय.'
मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने लिखा कि, 'वैभव सूर्यवंशी का बल्ले का स्विंग शानदार रहा है। इससे भी अधिक उल्लेखनीय बात यह है कि वे कितनी खूबसूरती से अपने आगे के पैर को हटाकर पैरों की ओर आने वाली गेंदों के लिए जगह बनाते हैं। इसी स्वतंत्रता के कारण वे इस तरह से खेल पाते हैं। वह पारी सचमुच लाजवाब थी!'
फैन्स को भारतीय सीनियर पुरुष टीम में देखने का इंतजार
कई सोशल मीडिया पोस्ट्स में फैन्स ने वैभव सूर्यवंशी को जल्द से जल्द शामिल करने की मांग उठाई। आईपीएल में पदार्पण के महज एक साल के भीतर ही क्रिकेट फैन्स को यकीन हो गया है कि 15 वर्षीय यह प्रतिभाशाली खिलाड़ी उच्चतम स्तर के लिए तैयार है। हालांकि, फैन्स को 'यूनिवर्स बेबी बॉस' की प्रतिभा की झलक देखने के लिए ज़्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा, क्योंकि वैभव अगले महीने ही भारत-ए के लिए खेलते नज़र आएंगे।
ये भी पढ़ें -
'यहां सब EMI के पीछे भाग रहे...' 14 साल बाद नोएडा से घर लौटते लड़के को देख बोले यूजर्स, VIDEO