1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. रेलवे ट्रैक पर REEL बना रही थी इंजीनियरिंग की छात्रा, अचानक आ गई ट्रेन; कटकर हुई मौत

रेलवे ट्रैक पर REEL बना रही थी इंजीनियरिंग की छात्रा, अचानक आ गई ट्रेन; कटकर हुई मौत

 Published : May 02, 2024 03:50 pm IST,  Updated : May 02, 2024 03:50 pm IST

रूड़की में एक छात्रा को सोशल मीडिया रील बनाना भारी पड़ गया। रेलवे ट्रैक पर रील बनाते समय ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। वहीं, उसके साथ वहां मौजूद सहेली बाल-बाल बच गई।

प्रतीकात्मक तस्वीर- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : FILE PHOTO

आजकल के युवाओं में सोशल मीडिया 'रील' बनाने का शौक बहुत जोरों पर चल रहा है और ये शौक खतरनाक होता जा रहा है। ताजा मामला उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के रूड़की से सामने आया है। रील बनाने के चक्कर मे इंजीनियरिंग की एक छात्रा रेलगाड़ी की चपेट में आ गई जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गंगनहर कोतवाली के पुलिस प्रभारी गोविंद राम ने गुरुवार को बताया कि 20 वर्षीय वैशाली बुधवार शाम अपनी एक सहेली के साथ रहीमपुर रेलवे फाटक के पास रेलवे ट्रैक पर खड़े होकर अपने मोबाइल से ‘रील’ बना रही थी और इसी दौरान वह रेलगाड़ी की चपेट में आ गई।

चंद लाइक और व्यूज के चक्कर में युवती की मौत

‘रील’ आम तौर पर छोटे वीडियो होते हैं और सोशल मीडिया पर यह बेहद लोकप्रिय हैं। आजकल रील बनाने के लिए युवक-युवतियां किसी भी हद तक जा रहे हैं। चंद लाइक और व्यूज पाने के लिए खतरनाक वीडियो तक बनाने से भी परहेज नहीं करते हैं। कभी-कभी तो रील बनाने के चक्कर में किसी को पुलिस थाने के चक्कर लगाने पड़ जाते हैं तो कोई अपनी जान से हाथ धो बैठता है।

सहेली के साथ रेलवे फाटक पर घूमने गई थी वैशाली

हरिद्वार जिले के हरिपुर टोंगिया बुग्गावाला क्षेत्र की रहने वाली वैशाली की भी इसी बढ़ते रील के पागलपन के कारण जान चली गई। वह फिलहाल रूड़की की शिवपुरम कॉलोनी स्थित अपने मामा के घर रहकर कोर इंजिनियरिंग कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी। बीते बुधवार शाम लगभग 6 बजे वह अपनी सहेली के साथ शिवपुरम कॉलोनी के पास रहीमपुर रेलवे फाटक घूमने गई थी। इस दौरान दोनों सहेलियां मोबाइल से रेलवे पटरी के किनारे खड़े होकर रील बनाने लगीं। तभी अचानक हरिद्वार से सहारनपुर की तरफ एक ट्रेन जा रही थी, उसकी चपेट में वैशाली आ गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

वैशाली की सहेली ने घटना की सूचना उसके परिजनों को दी जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और युवती के शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि हादसा मोबाइल पर रील बनाते समय हुआ है।  

यह भी पढ़ें-

गाजियाबाद में पटरी पर रील बनाना पड़ गया भारी, वीडियो शूट करते समय ट्रेन से कटकर 3 की मौत  

पल भर में उजड़ा परिवार: चाय बनाते समय फटा गैस सिलेंडर, मां सहित 3 बच्चे जिंदा जले

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत