देहरादून: चारधाम यात्रा के तहत केदारनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण यानी यूकाडा जून के पहले सप्ताह में हेली सेवा बुकिंग का अगला स्लॉट खोलने जा रहा है। इस नए स्लॉट के जरिए श्रद्धालु 15 जून के बाद की यात्रा तिथियों के लिए हेलीकॉप्टर टिकट बुक कर सकेंगे।
यूकाडा के CEO ने क्या बताया?
यूकाडा के CEO डॉ. आशीष चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में केदारनाथ हेली सेवा के तीनों सेक्टरों में कुल 8 हेलीकॉप्टर कंपनियां संचालन कर रही हैं। उन्होंने बताया कि 15 जून तक की सभी टिकटें पहले ही बुक हो चुकी हैं। अब अगले चरण की बुकिंग की तैयारियां अंतिम दौर में हैं और जल्द ही नया स्लॉट जारी किया जाएगा।
90% टिकट ऑनलाइन बुक
डॉ. चौहान ने बताया कि टिकट वितरण प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाए रखने के लिए कुल टिकटों में से 90 प्रतिशत टिकट ऑनलाइन माध्यम से उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जबकि केवल 10 प्रतिशत टिकट काउंटर के माध्यम से दिए जा रहे हैं।
मौसम विशेषज्ञों से लिया जा रहा फीडबैक
उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम की अनिश्चितता को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं सावधानीपूर्वक की जा रही हैं। मौसम विशेषज्ञों से लगातार फीडबैक लिया जा रहा है और शासन तथा मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही अगले स्लॉट की बुकिंग प्रक्रिया संचालित की जाएगी, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।
(देहरादून से हिमांशु की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
अचानक रोकी गई केदारनाथ यात्रा, रास्ते में रोके गए श्रद्धालु; बद्रीनाथ मार्ग पर भी संकट; जानें वजह