1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. उत्तराखंड में कब रुकेगी बारिश, चारधाम यात्रा पर क्या है अपडेट? IMD ने बता दिया सबकुछ

उत्तराखंड में कब रुकेगी बारिश, चारधाम यात्रा पर क्या है अपडेट? IMD ने बता दिया सबकुछ

 Published : Sep 02, 2025 06:42 pm IST,  Updated : Sep 02, 2025 06:42 pm IST

उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश और लैंडस्लाइड के चलते चारधाम यात्रा को रोक दिया गया है। लाखों लोग अब इस इंतजार में हैं कि कब मौसम सुधरे और वे दोबारा अपने आराध्य के दर्शन कर सकें।

kedarnath dham- India TV Hindi
केदारनाथ धाम। Image Source : PTI

उत्तराखंड में प्राकृतिक आपदाओं ने कहर बरपा रखा है। भारी बारिश, फ्लैश फ्लड, क्लाउड बर्स्ट और भूस्खलन से राज्य में बड़े पैमाने पर तबाही हुई है। राज्य में मंगलवार को भी मूसलाधार बारिश का सिलसिला जारी रहा, जिससे राज्य के विभिन्न हिस्सों में जनजीवन प्रभावित हुआ। मौसम विभाग ने देहरादून, चंपावत, नैनीताल और ऊधम सिंह नगर जिलों में भारी से ज्यादा भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की है। इन जिलों में पिछले कई दिनों से लगातार बारिश हो रही है।

राज्य में अधिकांश नदियां उफान पर हैं। गंगा और उसकी सहायक नदियां जैसे मंदाकिनी और अलकनंदा समेत कई नदियों का जलस्तर खतरे के निशान के ऊपर चला गया है। देहरादून समेत कई जिलों में पहली से 12वीं कक्षा तक के स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र मंगलवार को बंद रखे गए।

कब वापस जाएगा मानसून?

आसमान से बरस रही आफत से राज्य के लोगों का जीना मुहाल हो गया है। हालात ऐसे हैं कि अब लोग भगवान से बारिश रोकने की प्रार्थना कर रहे हैं। हालांकि, उत्तराखंड से मानसून की विदाई के लिए अभी 15 सितंबर तक इंतजार करना होगा। मौसम विभाग के निदेशक सीएस तोमर का कहना है कि 15 सितंबर तक अभी मानसून जारी रहेगा। 15 सितंबर आते-आते मौसम का मिजाज थोड़ा हल्का हो सकता है। सितंबर के आखिरी हफ्ते तक मानसून की विदाई हो सकती है।

कब तक स्थगित है चारधाम यात्रा?

चारधाम यात्रा को पांच सितंबर तक स्थगित कर दिया गया है, क्योंकि आगामी दिनों में भी इसी तरह का मौसम रहने का पूर्वानुमान जताया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में नैनीताल जिले में सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई। जिले के हल्द्वानी में 116.6 मिलीमीटर, छोरगलिया में 118 मिलीमीटर, नैनीताल शहर में 114 मिलीमीटर, मुक्तेश्वर में 98.4 मिलीमीटर, ऊधम सिंह नगर के खटीमा में 92.5 मिलीमीटर, बेतालघाट में 85 मिलीमीटर, मुनस्यारी में 82.4 मिलीमीटर और पिथौरागढ़ में 74.1 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

हरिद्वार-ऋषिकेश में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान के करीब

हल्द्वानी में गौला नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 20 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया है, वहीं हरिद्वार और ऋषिकेश में गंगा नदी का जलस्तर भी खतरे के निशान के करीब है। अधिकारियों ने बताया कि गौला बैराज से 44,124 क्यूसेक पानी बह रहा है और बैराज के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है। हरिद्वार में गंगा नदी का जलस्तर 293.07 मीटर, जबकि ऋषिकेश में 339.70 मीटर पर पहुंच गया है और यह दोनों स्थानों पर खतरे के निशान से लगभग एक मीटर नीचे है।

अब तक 79 लोगों की मौत, 95 लापता

अलकनंदा और मंदाकिनी नदियां (रुद्रप्रयाग), सोंग नदी (देहरादून), बांगंगा (हरिद्वार) और गौरीगंगा नदी (पिथौरागढ़ के बंगापानी क्षेत्र में) का जलस्तर भी खतरे के निशान के करीब है। इस वर्ष उत्तराखंड में मानसून ने काफी कहर बरपाया है। प्राकृतिक आपदाओं में अब तक 79 लोगों की मौत हो चुकी है, 114 लोग घायल हुए हैं और 95 लोग लापता हैं। (भाषा इनपुट्स के साथ)

यह भी पढ़ें-

आ गया पश्चिमी विक्षोभ... एक-दो नहीं पूरे 4 दिन तक दिल्ली-NCR में होगी जमकर बारिश, जानिए मौसम विभाग का ताजा अपडेट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत