ओडिशा के गजपति जिले के पारलाखेमुंडी से एक बड़ा बिजली हादसा सामने आया है। यहां बिजली लाइन की मरम्मत के दौरान एक कॉन्ट्रैक्चुअल कर्मचारी करंट की चपेट में आ गया। इन्वर्टर लाइन से संपर्क होने के कारण वह गंभीर रूप से झुलसकर तारों पर गिर पड़ा था। राहत की बात यह रही कि साथ काम कर रहे कर्मचारियों की सूझबूझ और तुरंत किए गए रेस्क्यू की वजह से उसकी जान बच गई। घायल कर्मचारी की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
कैसे हुआ हादसा?
यह घटना बुधवार को पारलाखेमुंडी के केउटा साही चौक इलाके में हुई। इलाके में बिजली संबंधी समस्या के कारण मरम्मत का काम चल रहा था। जानकारी के मुताबिक 30 साल के अजो नायक बिजली के खंभे पर चढ़कर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक इन्वर्टर लाइन का संपर्क ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन से हो गया। संपर्क होते ही अजू नायक को जोरदार करंट लगा और वह खंभे पर ही बेहोश होकर लटक गए।
घटना को देखते ही वहां मौजूद अन्य कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। साथी कर्मचारियों ने बिना समय गंवाए तुरंत खंभे पर चढ़कर अजो नायक को नीचे उतारा। बताया जा रहा है कि अगर कुछ सेकंड की भी देरी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
चश्मदीद ने क्या बताया?
चश्मदीद संजय महापात्र ने बताया कि वह उस समय इलाके से गुजर रहे थे, तभी उन्होंने लोगों की भीड़ देखी। उन्होंने देखा कि एक बिजली कर्मचारी खंभे पर लटका हुआ है। दो लोगों ने तुरंत उसे नीचे उतारा, जिसके बाद उन्होंने खुद सीपीआर देना शुरू किया। इसी बीच एम्बुलेंस को सूचना दी गई और घायल कर्मचारी को अस्पताल पहुंचाया गया।
घायल कर्मचारी के सहकर्मी मनोज माझी ने बताया कि इन्वर्टर लाइन अचानक पोल के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन के संपर्क में आ गई थी। इसी वजह से अजो नायक को करंट लगा। उन्होंने कहा कि समय रहते रेस्क्यू कर लेने से उनकी जान बच गई।
सामने आया वीडियो-
हादसे की वजह क्या?
बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता बिजय कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला इन्वर्टर से जुड़े इंडक्शन करंट का लग रहा है। हालांकि घटना की सही वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। उन्होंने कहा कि घायल कर्मचारी को प्राथमिक इलाज के बाद निगरानी में रखा गया है। जरूरत पड़ने पर उसे बेहतर इलाज के लिए बड़े मेडिकल सेंटर रेफर किया जाएगा।
फिलहाल इस घटना के बाद इलाके में बिजली मरम्मत कार्यों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। विभाग की ओर से पूरे मामले की जांच की जा रही है ताकि हादसे की असली वजह सामने आ सके।
(ओडिशा से शुभम कुमार की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
Video: हाई वोल्ट करंट की चपेट में आया लड़का, जलते हुए छत से उतरा और बच गई जान