1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. राहुल ने हरियाणा के नेताओं के साथ बैठक की, पार्टी को मजबूत बनाने और चुनौतियों पर चर्चा हुई

राहुल ने हरियाणा के नेताओं के साथ बैठक की, पार्टी को मजबूत बनाने और चुनौतियों पर चर्चा हुई

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 25, 2022 10:00 pm IST,  Updated : Mar 25, 2022 10:00 pm IST

इसके साथ ही, हरियाणा में पार्टी के सामने खड़ी चुनौतियों और खासकर पंजाब में आम आदमी पार्टी की जीत का हरियाणा पर असर पड़ने की संभावना के संदर्भ में बातचीत हुई। यह बैठक इस मायने में भी महत्वपूर्ण है कि समय-समय पर कांग्रेस की हरियाणा इकाई में गुटबाजी की खबरें आती रही हैं।

Rahul Gandhi- India TV Hindi
Rahul Gandhi Image Source : AP FILE PHOTO

Highlights

  • सूत्रों ने बताया कि तीन घंटे से अधिक समय तक चली
  • कांग्रेस की हरियाणा इकाई में गुटबाजी की खबरें आती रही हैं
  • बैठक में पार्टी को मजबूत करने और मिलकर आगे बढ़ने पर जोर दिया गया

नयी दिल्ली: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को पार्टी की हरियाणा इकाई के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की जिसमें संगठन को मजबूत बनाने तथा राज्य में पार्टी के सामने खड़ी चुनौतियों पर गहन चर्चा हुई। इस बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष कुमारी सैलजा, पार्टी के प्रदेश प्रभारी विवेक बंसल, मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला, सांसद दीपेंद्र हुड्डा, किरण चौधरी, अजय यादव और कुछ अन्य नेता मौजूद थे। सूत्रों ने बताया कि तीन घंटे से अधिक समय तक चली इस बैठक में पार्टी को मजबूत करने और मिलकर आगे बढ़ने पर जोर दिया गया।

इसके साथ ही, हरियाणा में पार्टी के सामने खड़ी चुनौतियों और खासकर पंजाब में आम आदमी पार्टी की जीत का हरियाणा पर असर पड़ने की संभावना के संदर्भ में बातचीत हुई। यह बैठक इस मायने में भी महत्वपूर्ण है कि समय-समय पर कांग्रेस की हरियाणा इकाई में गुटबाजी की खबरें आती रही हैं। सूत्रों ने बताया कि राहुल गांधी ने सभी नेताओं की बात सुनी और कहा कि सभी एकजुट होकर पार्टी को मजबूत बनाने के लिए काम करें। बैठक के बाद सैलजा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘पार्टी को मजबूत बनाने सहित कई मुद्दों पर चर्चा हुई। लोगों ने अपनी राय प्रकट की और राहुल गांधी ने सभी को सुना।’’

भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि सभी ने पार्टी को मजबूत बनाने के लिए अपने विचार रखे तथा कोई मतभेद नहीं था और अब एकजुट होकर चुनाव लड़ेंगे। हालिया विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की करारी हार के बाद सोनिया गांधी और राहुल गांधी उन प्रदेशों के नेताओं के साथ लगातार बैठकें कर रहे हैं जहां आने वाले महीनों में चुनाव होने हैं। पिछले दिनों सोनिया गांधी ने हिमाचल प्रदेश के पार्टी नेताओं के साथ बैठक की थी। राहुल गांधी ने गुजरात प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जगदीश ठाकोर और प्रभारी रघु शर्मा के साथ बैठक की थी। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत