1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. हर कोच के फायर सेफ्टी की जांच करेगी रेलवे, राजधानी एक्सप्रेस में आग की घटना के बाद उठाया बड़ा कदम

हर कोच के फायर सेफ्टी की जांच करेगी रेलवे, राजधानी एक्सप्रेस में आग की घटना के बाद उठाया बड़ा कदम

 Reported By: Anamika Gaur, Edited By: Niraj Kumar
 Published : May 17, 2026 08:34 pm IST,  Updated : May 17, 2026 08:55 pm IST

त्रिवेंद्रम-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस में आग लगने की घटना की उच्चस्तीरय जांच के आदेश दे दिए गए हैं। साथ ही रेलवे ने हर कोच के फायर सेफ्टी की जांच कराने का फैसला लिया है।

Rajdhani express fire- India TV Hindi
राजधानी एक्सप्रेस में आग Image Source : PTI

नई दिल्ली:  त्रिवेंद्रम-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस में आग लगने की घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने एहतियातन सभी बोगियों में आग से बचाव के विभिन्न सिस्टम की जांच और ऑडिट का एक अभियान शुरू करने का फैसला लिया है। रेलवे द्वारा जारी बयान में बताया गया कि त्रिवेंद्रम-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस में आग लगने के बाद सुरक्षा सिस्टम की वजह से ट्रेन अपने-आप रुक गई। इसके बाद ट्रेन के चालक दल ने तुरंत पीछे की दोनों बोगियों को अलग कर दिया जिसकी वजह से किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई। मामले की उच्च-स्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं।

सभी यात्री सुरक्षित

रेलवे ने बताया कि इस हादसे में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है। रेलवे के मुताबिक सुबह  05:15 बजे कोटा डिवीज़न के नागदा के पास त्रिवेंद्रम-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस (12431) की पिछली दो बोगियों में आग लग गई थी। इन बोगियों में एक गार्ड कोच और एक AC 3-टियर कोच शामिल था। ट्रेन के सुरक्षा सिस्टम ने तुरंत काम किया और एक बड़ा हादसा होने से टल गया।

सात घंटे बाद यातायात बहाल

सुबह हुई इस घटना में ओवरहेड उपकरणों के क्षतिग्रस्त होने के कारण मुंबई-दिल्ली रेल मार्ग पर 10 से अधिक ट्रेनों का समय प्रभावित हुआ। बाद में सात घंटे से अधिक समय के बाद रेल यातायात बहाल कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन के जिस एसी डिब्बे में आग लगी थी, उसमें 68 यात्री सवार थे और आग लगने के 15 मिनट के भीतर डिब्बे को खाली करा लिया गया।

कोटा मंडल में हुआ हादसा

राजधानी एक्सप्रेस तड़के तीन बजकर 55 मिनट पर रतलाम जंक्शन से रवाना हुई थी। सुबह 05.15 मिनट पर ट्रेन में आग लगने की घटना कोटा मंडल के विक्रमगढ़ आलोट और लूनीरीछा स्टेशन के बीच हुई। प्रभावित कोच से सभी यात्रियों को 15 मिनट में उतार दिया गया। आग से बी-1 कोच के पीछे वाले डिब्बे 'लगेज-कम-गार्ड वैन' (एसएलआर) को भी नुकसान पहुंचा। रेलवे अधिकारियों ने तुरंत 'ओवरहेड' तार से बिजली की आपूर्ति बंद कर दी और आग पर काबू पा लिया गया। प्रभावित 'गार्ड वैन' और एसी डिब्बे को अलग कर दिया गया तथा ट्रेन सुबह नौ बजकर 48 मिनट पर आगे की यात्रा के लिए रवाना हो गई।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत