1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. टीचर ने सुनाई शर्मनाक सजा, बच्चों से एक-दूसरे की पैंट में डालने को कहा खुजली वाला पत्ता; हेडमास्टर सस्पेंड

टीचर ने सुनाई शर्मनाक सजा, बच्चों से एक-दूसरे की पैंट में डालने को कहा खुजली वाला पत्ता; हेडमास्टर सस्पेंड

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Apr 21, 2026 09:16 pm IST,  Updated : Apr 21, 2026 09:16 pm IST

ओडिशा के जाजपुर में एक टीचर ने बच्चों को शर्मनाक सजा सुनाई है। टीचर ने बच्चों को सजा देने के लिए एक-दूसरे की पैंट में खुजली वाला पत्ता डालने की सजा दे दी। इसकी शिकायत के बाद फिलहाल हेडमास्टर को सस्पेंड कर दिया गया है।

टीचर ने बच्चों को सुनाई शर्मनाक सजा। - India TV Hindi
टीचर ने बच्चों को सुनाई शर्मनाक सजा। Image Source : REPORTER INPUT

ओडिशा के जाजपुर जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक सरकारी स्कूल में बच्चों को दी गई सजा ने सभी को हैरान कर दिया। इस घटना के बाद स्कूल के हेडमास्टर को सस्पेंड कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, यह मामला सरुआबिल्ली अपर प्राइमरी स्कूल का है और घटना 19 अप्रैल की बताई जा रही है। आरोप है कि हेडमास्टर बसुदेव देहुरी ने बच्चों को सजा देने के लिए उन्हें खुजली पैदा करने वाले जंगली पत्ते को अपनी पैंट के अंदर डालने को कहा। हेडमास्टर के कहने पर दो बच्चों ने पौधे लाकर एक-दूसरे के कपड़ों में डाल लिए, जिससे उन्हें तेज खुजली, जलन और असहजता होने लगी। 

दो बच्चों के बीच हुआ था झगड़ा

हालांकि, इस पूरे मामले में एक अलग पहलू भी सामने आया है। सुकिंदा ब्लॉक के शिक्षा अधिकारी नारायण दास के अनुसार, दो बच्चों के बीच झगड़ा हुआ था। इस झगड़े में एक बच्चे ने दूसरे के शरीर पर खुजली वाला पत्ता रगड़ दिया, जिससे उसे काफी परेशानी हुई। जब पीड़ित बच्चा शिकायत लेकर हेडमास्टर के पास पहुंचा, तो उन्होंने कथित तौर पर जाने-अनजाने में यह कह दिया कि अगर उसके साथ ऐसा हुआ है, तो वह भी दूसरे बच्चे के साथ वैसा ही करे। इसके बाद दूसरे बच्चे ने भी वही किया, जिससे उसे भी तकलीफ हुई और मामला बढ़ गया।

परिजनों के विरोध पर हेडमास्टर सस्पेंड

घटना की जानकारी तब सामने आई जब बच्चों ने अपने माता-पिता को पूरी बात बताई। गुस्साए अभिभावक स्कूल पहुंचे, हेडमास्टर का विरोध किया और सख्त कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुकिंदा के ब्लॉक एजुकेशन ऑफिसर ने प्राथमिक जांच की। जांच के आधार पर हेडमास्टर को फिलहाल सस्पेंड कर दिया गया है। ब्लॉक शिक्षा अधिकारी का कहना है कि पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। (इनपुट- शुभम कुमार)

यह भी पढ़ें-

नागपुर में सिगरेट को लेकर आधी रात भिड़े दो गुट, मारपीट का VIDEO आया सामने; 6 गिरफ्तार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत