नई दिल्ली: अहमदाबाद में एयर इंडिया विमान हादसे को लेकर प्रारंभिक रिपोर्ट आ गई है लेकिन अभी तक इस सवाल का उत्तर नहीं मिल रहा है कि आखिर फ्यूल स्विच कैसे ऑफ हो गए? विमानन विशेषज्ञ कैप्टन (रिटायर्ड) एहसान खालिद ने बुधवार को कहा कि पिछले महीने बोइंग 787-8 विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से पहले, हो सकता है कि इलेक्ट्रिकल गड़बड़ी के कारण ईंधन स्विच ‘कट ऑफ’ स्थिति में चले गए होंगे और उड़ान के दोनों पायलट को इसका पता भी न चला हो।
Related Stories
उड़ान भरने के तुरंत बाद ऑफ हो गए थे फ्यूल स्विच
शनिवार को वायुयान दुर्घटना अन्वेषण ब्यूरो (AAIB) ने एअर इंडिया के बोइंग 787-8 दुर्घटना मामले में अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट में कहा था कि विमान के इंजन के ईंधन स्विच उड़ान भरने के तुरंत बाद 1 सेकंड के अंतराल में बंद हो गए थे और इससे कॉकपिट में भ्रम की स्थिति पैदा हो गई थी, जिसके बाद विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। 12 जून को हुए इस हादसे में 260 लोग मारे गए थे। प्रारंभिक रिपोर्ट में हालांकि कोई निष्कर्ष नहीं दिया गया है, लेकिन कुछ हलकों में यह अनुमान लगाया जा रहा है कि संभवतः पायलट की गलती दुर्घटना का कारण रही होगी।
कॉकपिट की रिकॉर्डिंग सार्वजनिक करने की मांग
वायुसेना के पूर्व अधिकारी खालिद ने एक इंटरव्यू में यह भी कहा कि एएआईबी द्वारा कॉकपिट की पूरी बातचीत की रिकॉर्डिंग सार्वजनिक की जा सकती थी और यदि उसे जारी किया जाता तो ‘‘ये अटकलें या आरोप नहीं लगाये जाते या बदनाम करने का अभियान नहीं चलता, क्योंकि पायलट समुदाय यह महसूस करता है कि उड़ान सुरक्षा उनकी जिम्मेदारी है।’’ उन्होंने यह भी कहा कि एएआईबी की रिपोर्ट ने और भी अटकलों को जन्म दिया है, जो पहले नहीं लगाई जा रही थीं। कॉकपिट में हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग का हवाला देते हुए, 15 पन्नों की प्रारंभिक रिपोर्ट में कहा गया है कि एक पायलट ने पूछा कि स्विच क्यों बंद कर दिया गया, और दूसरे पायलट ने जवाब दिया कि उसने ऐसा नहीं किया। एआई 171 उड़ान अहमदाबाद से लंदन गैटविक जा रही थी।
खालिद के अनुसार, हो सकता है उड़ान भरने के तुरंत बाद इलेक्ट्रिकल गड़बड़ी के परिणामस्वरूप विमान के ईंधन स्विच बंद हुए हों। उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि यह भी सच है कि स्विच एक स्थिति में होगा और वह स्थिति 1 हो सकती है और दूसरी स्थिति इलेक्ट्रिकल दृष्टि से 0 है (तब) 0 से 1 या 1 से 0 (स्थिति) इलेक्ट्रिकल गड़बड़ी या सिग्नल की खराबी के कारण परिवर्तित हो सकती है, जबकि स्विच उसी बिंदु पर रहा होगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ मुझे लगता है कि एएआईबी ने अपने फैसले में बहुत सावधानी बरती और ईंधन स्विच के आगे-पीछे बढ़ने जैसे शब्द का इस्तेमाल नहीं किया। वे इसका इस्तेमाल कर सकते थे। ऐसा नहीं है कि उन्हें इसके बारे में पता नहीं है।’’ विभिन्न पायलट संघों ने एएआईबी रिपोर्ट पर चिंता जताई है और सभी पक्षों से अटकलें लगाने से बचने का आग्रह किया है। (इनपुट-भाषा)